सोयाबीन से किसानों का मोहभंग, चिरायता की खेती बनी कमाई का नया जरिया

बकानी - (झालावाड़)। क्षेत्र में लगातार सोयाबीन की पैदावार में गिरावट और खेती की बढ़ती लागत के चलते किसानों का अब सोयाबीन की खेती से मोहभंग होता जा रहा है। ऐसे में किसान अब औषधीय खेती की ओर रुख कर रहे हैं। बकानी क्षेत्र में चिरायता (कालमेघ/कालमठ) की खेती किसानों के लिए कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाला विकल्प बनकर उभर रही है।

क्षेत्र के किसानों का कहना है कि मौसम की अनिश्चितता, अतिवृष्टि, सूखा, पीला रोग और अन्य बीमारियों के कारण सोयाबीन की पैदावार लगातार घट रही है। वहीं खाद, बीज, महंगे कीटनाशक और कटाई की मजदूरी का खर्च बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद मंडियों में सोयाबीन का उचित भाव नहीं मिल पा रहा है। दूसरी ओर नीलगाय, जंगली सूअर और आवारा पशु भी खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ऐसी परिस्थितियों में किसान अब चिरायता की खेती को प्राथमिकता देने लगे हैं। चिरायता एक औषधीय फसल है, जिसकी आयुर्वेदिक दवा कंपनियों और औषधीय मंडियों में अच्छी मांग है। इसकी खासियत यह है कि पौधे का कोई भी हिस्सा बेकार नहीं जाता। इसकी पत्तियां, तना, टहनियां, जड़ और बीज सुखाकर बाजार में बेचे जाते हैं।

किसानों के अनुसार चिरायता की खेती में प्रति बीघा औसतन 15 से 20 क्विंटल तक सूखा पंचांग प्राप्त होता है। इसका बाजार भाव 6 हजार से 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बताया जा रहा है। वहीं पिछले वर्ष इसके बीजों के भाव 6 से 7 लाख रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने की जानकारी भी किसानों ने दी है।

चिरायता की खेती मुख्य रूप से खरीफ सीजन में की जाती है और यह चार से पांच महीने में तैयार हो जाती है। इसमें लागत अपेक्षाकृत कम आती है। पौधे में कड़वापन होने के कारण आवारा पशुओं से नुकसान की संभावना भी कम रहती है। इसके औषधीय गुणों के चलते बाजार में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।

बकानी और झालावाड़ जिले की सीमा मध्यप्रदेश के नीमच और मंदसौर क्षेत्र से लगी हुई है। यहां औषधीय फसलों की प्रमुख मंडियां स्थित हैं। ऐसे में क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक दूर नहीं जाना पड़ता। इससे परिवहन खर्च कम होता है और किसानों को बेहतर लाभ मिलने की संभावना रहती है।

बकानी पंचायत समिति की बरखेड़ा कला ग्राम पंचायत के किसान पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार चिरायता की खेती कर रहे हैं। पंचायत के अंतर्गत आने वाले छह गांवों में लगभग सभी गांवों के किसान इस खेती को अपना रहे हैं। अब किसानों का सोयाबीन की खेती से रुझान कम होकर चिरायता और तुलसी जैसी औषधीय फसलों की ओर बढ़ रहा है।

क्षेत्र के किसान संपत राज गुर्जर, चंपालाल, जगन्नाथ, कालूराम और परमानंद का कहना है कि सोयाबीन की घटती पैदावार और बीमारियों के कारण खेती घाटे का सौदा साबित हो रही थी। इसके बाद उन्होंने औषधीय फसलों के बारे में जानकारी जुटाई और चिरायता की खेती शुरू की। किसानों के मुताबिक, चिरायता की खेती से उन्हें सोयाबीन की तुलना में चार से पांच गुना तक अधिक मुनाफा मिल रहा है। इसमें लागत भी कम आती है और उत्पादन से अच्छी आमदनी हो रही है।

इस तरह बकानी क्षेत्र में चिरायता की खेती किसानों के लिए आर्थिक समृद्धि का नया रास्ता बनती जा रही है। पारंपरिक खेती में लगातार हो रहे नुकसान के बीच औषधीय खेती किसानों को आमदनी बढ़ाने की नई उम्मीद दे रही है।

रिपोर्टर : रमेश चंद्र शर्मा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.