विश्व कृषि पर्यटन दिवस पर ग्राम भ्रमण कार्यक्रम
कृषि, पर्यटन और ग्रामीण संस्कृति से रूबरू हुए छात्र-छात्राएं
बंगरा झांसी - विश्व कृषि पर्यटन दिवस (16 मई 2026) के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत आदर्श सेवा समिति द्वारा ग्राम पंचायत पठाकरका में कृषि एवं पर्यटन के समन्वय को प्रदर्शित करने हेतु एक दिवसीय ग्राम भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शारदा महाविद्यालय बंगरा झांसी के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम पथाकरका एवं खाटिया बीट प्रोड्यूसर फार्मस्टे का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने तुलसी की खेती का अवलोकन कर उसके औषधीय एवं स्वास्थ्यवर्धक गुणों की जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही ग्रामीण कला एवं पारंपरिक शिल्प के अंतर्गत मिट्टी के बर्तन निर्माण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा तथा स्वयं भी बर्तन निर्माण का अनुभव लिया। फार्मस्टे पहुंचने पर फार्मस्टे संचालक सियाराम जी एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा सभी छात्र-छात्राओं का तिलक एवं माल्यार्पण कर पारंपरिक स्वागत किया गया। स्वागत उपरांत सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद सियाराम जी ने कठिया गेहूं की विशेषताओं की जानकारी दी तथा स्थानीय शैली में दलिया तैयार कर प्रदर्शित किया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इसके पश्चात प्रतिभागियों को आम एवं कटहल के बागानों का भ्रमण कराया गया तथा फार्मस्टे में उपलब्ध आवासीय एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ग्रामीण जीवन, कृषि पर्यटन एवं स्थानीय संस्कृति को समझने का प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक अनुभव साबित हुआ।
कार्यक्रम में परियोजना के जिला समन्वयक आशीष कुमार एवं ग्राम समन्वयक पवन कुमार सहित पलक, आकांक्षा, शिवानी, परी, करन, रविन्द्र आदि उपस्थित रहे।
धीरेन्द्र सोनी संवाददाता


No Previous Comments found.