ओरछा स्टेशन पर चला चेकिंग अभियान,बिना टिकट यात्रियों में मचा हड़कंप
झांसी : मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आज ओरछा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों के विरुद्ध विशेष किलेबंदी जांच अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मियों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को तैनात कर सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना वैध टिकट किसी भी व्यक्ति को स्टेशन परिसर में प्रवेश अथवा बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। अभियान के प्रभाव से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही तथा टिकट खिड़की पर यात्रियों की उल्लेखनीय भीड़ देखी गई, जिसे नियंत्रित करने हेतु आरपीएफ जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 11801/11802 ग्वालियर–प्रयागराज–ग्वालियर एक्सप्रेस, 19665/19666 खजुराहो–उदयपुर–खजुराहो एक्सप्रेस तथा 64612/64613 मानिकपुर–झांसी–बांदा मेमू ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। इसके साथ ही सभी ट्रेनों के महिला एवं दिव्यांग कोचों का विशेष निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा तथा गंदगी फैलाने वाले कुल 127 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹70,415 का जुर्माना वसूल किया गया। झांसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे सदैव वैध यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करें। इस प्रकार के विशेष जांच अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे। अभियान में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीणा, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक साकेत शुक्ल, मुख्य टिकट निरीक्षक अरुण सचान, राजेंद्र पाल, श्रीमती सरिता वर्मा, श्रीमती सुमन यादव, सुवर्ण खांडेकर, श्रीमती भारती कुशवाहा,अजय सिकरवार सहित रेलवे सुरक्षा बल के जवान उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अंकित साहू
No Previous Comments found.