मीना मिलन समारोह-2026 ने दिया सामाजिक एकता, शिक्षा और जागरूकता का संदेश
झाँसी : मीना समाज सेवा समिति, झाँसी के तत्वावधान में रविवार को आयोजित मीना मिलन समारोह-2026 उत्साह, उमंग और सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के लोगों ने सपरिवार सहभागिता कर आपसी भाईचारे, संगठन और सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों, प्रतिभाशाली बच्चों एवं कलाकारों, रक्तदाताओं तथा भामाशाहों का सम्मान किया गया। बच्चों एवं कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास, शिक्षा और समाज के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
AILRSA के कार्यकारी अध्यक्ष जीत राम मीना ने कहा कि समाज की असली ताकत उसकी एकता, शिक्षा और जागरूकता में निहित है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक हित में काम करना होगा। हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए कि समाज का प्रत्येक बच्चा शिक्षित बने, युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें और जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहयोग प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि केवल बड़े आयोजन करना ही हमारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इन आयोजनों से निकले विचारों को धरातल पर उतारना भी जरूरी है। हमें सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास को समाप्त करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा आने वाली पीढ़ी के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने का संकल्प लेना चाहिए।
जीत राम मीना ने कहा कि समाज की पहचान केवल उसके गौरवशाली इतिहास से नहीं, बल्कि वर्तमान में किए जा रहे कार्यों और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य से बनती है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामाजिक विकास में योगदान देना चाहिए।
समारोह के अंत में अध्यक्षीय संबोधन एवं धन्यवाद प्रस्ताव के बाद सामूहिक राहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने समाज में एकता, शिक्षा, सहयोग और सामाजिक परिवर्तन का सकारात्मक संदेश दिया ।

No Previous Comments found.