विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर पुलिस कर्मियों को दिलाई गई तम्बाकू त्यागने की शपथ

झांसी: आज विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, झाँसी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण झाँसी डॉ० अरविन्द कुमार द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तम्बाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है तथा यह अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता निभाने तथा जनसामान्य को तम्बाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया।
 कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा समाज में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। जनपद झाँसी पुलिस स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.