खाद्य एवं रसद मंत्री ने दिये पेट्रोल पम्प, गैस गोदाम, राशन दुकानों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश

झांसी: सर्किट हाउस में मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति उत्तर प्रदेश मनोज कुमार पाण्डेय ने समीक्षा बैठक करते हुये कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लेकर अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य जहां पर सुरक्षित स्थल भी हो, जिसमें 484 वर्ग फुट के परिसर में निर्मित अन्नपूर्णा भवन में खाद्यान्न वितरण कक्ष, उपभोक्ताओं के लिए बैठने का स्थान, सिंगल स्टेज डोर डिलीवरी व्यवस्था अन्तर्गत खाद्यान्न को अन्नपूर्णा भवन तक किसी भी मौसम में सुगमता से पहुंचने की सुविधा, लाभार्थियों को स्वयं के गांव में ही राशन प्राप्त करने की सुविधा मिले। मंत्री ने कहा कि गैस सिलेण्डरों की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करायें। साथ ही राशन वितरण के दौरान कोटेदार उपभोक्ता से अच्छा आचरण व्यवहार करने के साथ ही गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अवश्य करें। मंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारी को पेट्रोल पम्प, गैस गोदाम, राशन दुकानों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने सम्पर्क मार्गों के निर्माण कार्यों का रोडमैप तैयार करने के निर्देश देते हुये कहा कि सरकार द्वारा सड़क निर्माण के अतिरिक्त पंचायत भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्य कराये जा रहे है, जिनको निर्धारित समय के अन्दर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
जनप्रतिनिधिगणों ने दिव्यांगजनों के उपकरण समय से उपलब्ध कराने, एक जनपद एक उत्पाद में रानीपुर के कपड़ा उद्योग, हैण्डलूम को बढ़ावा देने, मऊरानीपुर में वृहद स्तर पर मूंगफली के उत्पादन को दृष्टिगत रखते हुये मूंगफली का दाना निकालने हेतु उद्योग स्थापित करने तथा हल्दी व अदरक की पैदावार सहित विभिन्न उत्पादन क्षेत्रों को बढ़ावा देने हेतु सुझाव प्रस्तुत किये।
बैठक में 5 से 21 जून 2026 तक संचालित हो रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरुकता अभियान के अन्तर्गत एक पेड़ माॅ के नाम, पेंशन वितरण, नये पेंशनर के फार्म भरवाने, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अधिकतम नियमानुसार प्रवेश कराने, जननी सुरक्षा योजना का मानदेय समय से उपलब्ध कराने, आपदा प्रबन्धन, गौशालाओं में धूप से बचाव के साथ ही पेयजल एवं चारा व्यवस्था, शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करने, जलजीवन मिशन के अन्तर्गत स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ आमजनमानस को सरकार की मंशा के अनुरुप सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने जनपद में संचालित कार्यक्रमों की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत जनपद झांसी में नरेगा योजना से पूर्ण निर्मित 82 अन्नपूर्णा भवनों से उचित दर दुकानों का संचालन कराया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभागीय बजट से 39 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण हेतु 118 ग्राम पंचायतों/नगर निकायों में भूमि का चिन्हांकन का कार्य कर लिया गया है, इसकी कार्ययोजना एक सप्ताह में तैयार कर प्रेषित कर दी जायेगी। इस अवसर पर  विधायक सदर रवि शर्मा, विधायक मऊरानीपुर डाॅ0 रश्मि आर्य, एम0एल0सी0 रामतीर्थ सिंघल, एम0एल0सी0 श्रीमती रमा निरंजन, उ0प्र0 गौसेवा आयोग अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एसपी ग्रामीण डाॅ0 अरविन्द कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, उपायुक्त खाद्य विनय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल, सचिव मण्डी बब्लू कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप पटेल, जिलाध्यक्ष महानगर सुधीर सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव श्रृंगीऋषि सहित पार्टी के महिला कार्यकत्री एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.