लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन अस्वीकार्य – जंतर-मंतर पर आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर सीधा हमला : कुंवर सत्येंद्र पाल सिंह

झांसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येंद्र पाल सिंह ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी पार्टी द्वारा नीट परीक्षा प्रकरण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई एवं आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है।
 
उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में नागरिकों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने, विरोध दर्ज कराने और सरकार से जवाब मांगने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। यदि सरकार जनआवाज़ को सुनने के बजाय बल प्रयोग, दमन और लाठीचार्ज का सहारा लेती है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है।
 
कुंवर सत्येंद्र पाल सिंह ने कहा कि असहमति लोकतंत्र की शक्ति होती है, कमजोरी नहीं। सरकार का दायित्व है कि वह आंदोलनकारियों की बात सुने, उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करे और संवाद के माध्यम से समाधान निकाले, न कि पुलिस बल के माध्यम से आंदोलनों को कुचलने का प्रयास करे।
 
उन्होंने मांग की कि जंतर-मंतर पर हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए।
 
बुंदेलखंड क्रांति दल स्पष्ट रूप से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संविधान प्रदत्त नागरिक अधिकारों के पक्ष में खड़ा है तथा किसी भी प्रकार के दमनात्मक रवैये का पुरजोर विरोध करता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.