अगस्त माह में झाँसी मंडल का शानदार माल लदान प्रदर्शन, संचयी आधार पर 4.07 मिलियन टन माल लदान, ₹442.29 करोड़ का राजस्व अर्जित
झांसी । मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट नीरज भटनागर के नेतृत्व में झाँसी मंडल द्वारा माल लदान एवं माल राजस्व बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम वित्तीय वर्ष 2026-27 में अगस्त माह तक देखने को मिला है। अगस्त 2026 तक संचयी आधार पर मंडल ने 4.07 मिलियन टन माल लदान कर ₹442.29 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जबकि निर्धारित लक्ष्य 4.04 मिलियन टन लदान एवं ₹413.32 करोड़ राजस्व का था। इस प्रकार मंडल ने लदान के लक्ष्य को 0.74 प्रतिशत तथा राजस्व के लक्ष्य को 7.01 प्रतिशत पीछे छोड़ते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
अगस्त में डोलोमाइट और लौह अयस्क से करीब ₹10.22 करोड़ का राजस्व
अगस्त माह में झाँसी मंडल के माल लदान प्रदर्शन में डोलोमाइट और लौह अयस्क (Iron Ore) ने विशेष योगदान दिया। छतरपुर मालगोदाम से 24,594 टन डोलोमाइट का लदान किया गया, जिससे मंडल को लगभग ₹5.26 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। इसी प्रकार बरूआसागर से 16,233 टन लौह अयस्क (Iron Ore) का लदान कर लगभग ₹4.95 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया। इस प्रकार केवल अगस्त माह में इन दोनों कमोडिटी से मंडल को लगभग ₹10.22 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।
संचयी उपलब्धि में भी डोलोमाइट और लौह अयस्क का महत्वपूर्ण योगदान
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अगस्त माह तक डोलोमाइट की कुल 1,06,209 टन लदान की गई, जिससे लगभग ₹21.13 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं लौह अयस्क (Iron Ore) की 28,478 टन लदान से लगभग ₹9.17 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया। दोनों कमोडिटी से संचयी रूप से लगभग ₹30.30 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।
अन्य कमोडिटीज में भी उत्साहजनक वृद्धि
माल लदान के अन्य क्षेत्रों में भी मंडल ने उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। अगस्त माह में Ballast RMC की लदान में पिछले वर्ष की तुलना में 109.19 प्रतिशत, Ballast Pub में 144.21 प्रतिशत तथा RMC में 23.18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसी प्रकार E/Oil की लदान में भी 23.68 प्रतिशत की वृद्धि रही। इससे स्पष्ट है कि झाँसी मंडल द्वारा पारंपरिक माल यातायात के साथ-साथ नए एवं उभरते माल स्रोतों को भी रेल परिवहन से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
झाँसी मंडल द्वारा माल ग्राहकों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय, नए माल स्रोतों की पहचान, उपलब्ध रेल सुविधाओं का बेहतर उपयोग तथा माल परिवहन को अधिक सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। डोलोमाइट और लौह अयस्क जैसे नए/प्रमुख माल यातायात का जुड़ना मंडल की माल लदान रणनीति की सफलता को दर्शाता है, जिससे आने वाले समय में माल लदान एवं राजस्व में और वृद्धि की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
No Previous Comments found.