“राष्ट्र के भविष्य-निर्माताओं का अभिनंदन, शिक्षक दिवस पर सजा सम्मान का मंच”

झांसी। ‘प्रयास—सभी के लिए’ सामाजिक संस्था द्वारा शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह अध्यक्ष के.डी. गुप्ता की अध्यक्षता में तथा संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में रति वर्मा जिला विद्यालय निरीक्षक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

मुख्य अतिथि रति वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति और सभ्यता की आधारशिला है। शिक्षक केवल पाठ्य-पुस्तकों का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को आकार देते हैं। उनके मार्गदर्शन से ही ज्ञानवान, विवेकशील, सभ्य, संवेदनशील एवं सुसंस्कृत नागरिकों का निर्माण होता है।
 
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों का माल्यार्पण कर, शॉल, श्रीफल एवं सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में मिलन कुमार गुप्ता, शिशुपाल सिंह यादव, नरेंद्र कुमार पासतोर, जितेंद्र कुमार सैनी, नीतू सिंह, आंसमा खान, सत्यम दुबे, अंजना वर्मा, दिनेश प्रधान, मुर्शद अली एवं प्रदीप कुमार पाठक, नरेंद्र कुमार पस्तोर, मधु पासी, सतीश साहनी शामिल रहे।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने अपने उद्बोधन में विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस गरिमामय आयोजन के लिए न केवल अपना विद्यालय परिसर उपलब्ध कराया, बल्कि संस्था को ऐसा पुनीत अवसर भी प्रदान किया, जहाँ ज्ञान और संस्कार के दीप प्रज्वलित करने वाले शिक्षा-जगत के इन सम्माननीय प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया जा सका। उन्होंने कहा कि संस्था उनके इस सहयोग, सद्भाव और योगदान को सदैव कृतज्ञता एवं सम्मान के साथ अपने हृदय में संजोकर रखेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली महान विभूतियों के प्रति सामूहिक कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
समारोह का संचालन : रामकुमार लोहिया 
 
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामबाबू शर्मा,  बैदेही शरण सरावगी, बी.पी. नायक, राकेश मेहरोत्रा, सुभाष पुरवार,  अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव ऋषि लोहिया, लखन पटवारी, बृजेश बडोनिया, एड, विजय खरे, आर पी मोदी, अमित अग्रवाल, उमाशंकर राय, एच एन शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
 
कार्यक्रम के अंत में महामंत्री श्री नवीन श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि, सम्मानित शिक्षकों, अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन तथा उपस्थित सभी गणमान्यजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह आयोजन स्मरणीय एवं गरिमापूर्ण बन सका।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.