लव-कुश और लाला हरदौल मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व निकली भव्य मंगल कलश यात्रा
झांसी। आज श्री मारकंडेश्वर कुशवाहा समाज द्वारा मंडी रोड सागर गेट पर स्थित निर्मित भगवान लव कुश एवं लाला हरदौल के मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष में आज भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। पंचकुइयां स्थित श्री मारकंडेश्वर भवन से प्रारंभ हुई यह मंगल कलश यात्रा डीजे की धुनों के बीच शहर के विविध मार्गों का भ्रमण करती हुई मंदिर पर पहुंची। मंगल कलश यात्रा में सैकड़ो की संख्या में कुशवाहा समाज की महिलाएं सिर पर मंगल कलश रखकर चल रही थी। इसके अलावा घोड़ों पर भगवान के विभिन्न स्वरूप भी आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। रास्ते में विविध स्थानों पर इस भव्य मंगल कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर यात्रा में शामिल लोगों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। मंगल कलश यात्रा में समाज के माते, मुखिया भी बड़ी संख्या में शामिल थे। इसके अलावा अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जुगल किशोर कुशवाहा, समाज के संरक्षक तथा पूर्व विधान सभा प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा, पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के भाई शिवचरण कुशवाहा, कालीचरण कुशवाहा, दयाराम मुखिया, समाज के जिला अध्यक्ष सुरेश कुशवाहा, वीरेंद्र कुशवाहा उर्फ वीरू, धर्मेंद्र कुशवाहा, बृजेंद्र कुशवाहा, संजीव कुशवाहा आदि सहित तमाम पदाधिकारी शामिल रहे। मंदिर पर पहुंचने के बाद शोभायात्रा की समाप्ति पर भव्य पूजन अर्चन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुशवाहा समाज की ओर से एक विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाहा ने शिरकत की। इस दौरान सभी ने समाज की एकता पर जोर देते हुए राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुटता के साथ आवाज उठाने की अपील की।
No Previous Comments found.