झाँसी मंडल परिक्षेत्र के सांसदों के साथ बैठक आयोजित,ललितपुर से इंटरसिटी, नई वंदे भारत और स्टेशनों के विकास पर सांसद ने दिया जोर

झांसी: भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है और देश के विकास में अपना अहम योगदान दे रही है। इसी कड़ी में उत्तर मध्य रेलवे भारतीय रेल के एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग के रूप में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है। आज दिनांक 11 सितम्बर 2026 को झाँसी के प्रतिष्ठित ओरछा पैलेस एवं कन्वेंशन सेंटर होटल ओरछा के सभागार में उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मण्डल के सांसदों एवं उनके सम्मानित प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबंधक की एक उच्च स्तरीय एवं महत्वपूर्ण बैठक का सांसद झांसी ललितपुर अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मण्डल की हालिया उपलब्धियों को साझा करना, इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास की समीक्षा करना तथा जनप्रतिनिधियों से बहुमूल्य सुझाव प्राप्त कर रेल विकास योजनाओं को नई दिशा देना रहा।
इस अवसर  पर अपने उदबोधन में महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने कहा कि, हमने अपनी रेलवे की कार्यप्रणाली में लाइन क्षमता की वृद्धि, यात्री सुविधाओं में  सुधार एवं उन्नयन, गाड़ियों का संरक्षित संचालन, कर्मचारी कल्याण, पर्यावरण की संरक्षण के लिए हरित पहल की दिशा में  विशेष कदम उठाए हैं और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और इसे मजबूत बनाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों से एक बहुत ही सकारात्मक बदलाव आया है, रेल की विभिन्न परियोजनाएं जो वर्षों तक पर्याप्त फ़ंड की अनुपलब्धता के कारण रुक जाते थे, उन कार्यों को करने हेतु सरकार द्वारा अब पर्याप्त फंड भी उपलब्ध कराया जा रहा है, साथ ही उच्चतम स्तर से प्रोजेक्ट की  मॉनिटरिंग होने से प्रोजेक्ट पूर्ण होने में तेज़ी आई है। साथ ही भारतीय रेल अपनी कार्यप्रणाली में इनोवेशन और आधुनिक तकनीक का कारगर प्रयोग कर रहे हैं। हम अपने सम्मानित यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं और आमजन की अपेक्षाओं को पूरा कर सकें, इस हेतु एआई आधारित रेल मदद पोर्टल (139) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। 
उन्होंने बताया कि, झाँसी मण्डल, भारतीय रेल के एक महत्वापूर्ण अंग के रूप में रेल की सेवा में निरंतर तत्पर है। हमारा यह मंडल उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के महत्वंपूर्ण हिस्सों को देश के अन्य  हिस्सों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। मंडल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने बताया कि,  वित्त वर्ष 2025-26 में कुल आरंभिक यात्री संख्या लगभग 4.58 करोड़ रही एवं यात्री आय के रूप में 1016 करोड़ रुपये और माल लदान से  लगभग 947.15 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि जनमानस की मांग को ध्यान में रखते हुए 2025-26 से अब तक 14 जोड़ी गाड़ियों को मंडल के 10 विभिन्न स्टेशनों पर 14 नए ठहराव प्रदान किये गए । इसके अतिरिक्त मेला, समर, त्योहार एवं परीक्षा विशेष सहित कुल 648 विशेष ट्रिप संचालित किए गए तथा 14 जोड़ी विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया। वंदे भारत सहित 02 जोड़ी नई गाड़ियों का संचालन प्रारम्भ किया गया। वहीं 04 जोड़ी MEMU ट्रेनों को 8-कार से बढ़ाकर 12-कार किया गया।
स्टेशन री-डेव्लपमेंट एवं अमृत स्टेशन के विषय में चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि झाँसी मण्डल में कुल 03 प्रमुख रेलवे स्टेशन वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी जंक्शन, ग्वालियर जंक्शन एवं खजुराहो को स्टेशन रीडेवलेपमेंट प्लान के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त झाँसी मण्डल में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शामिल 16 स्टेशनों में से 6 स्टेशनों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है एवं शेष का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। इन्फ्रास्ट्रक्चर की चर्चा करते हुए सूचित किया कि, इसकी वृद्धि के तहत झाँसी मण्डल द्वारा 93 किमी. की रेलवे लाईन बिछाई गयी और 20 ब्लॉक सेक्शनों में 157.67 KM इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग आधारित ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली सफलतापूर्वक चालू की गई। कुल 68.5 KM में कवच प्रणाली का सफल कमीशनिंग  किया गया, जिससे ट्रेन संचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता में वृद्धि हुई।
इसी क्रम में उन्होंने सभी सांसदगणों को आश्वस्त किया कि आपसे प्राप्तक बहुमूल्य् सुझावों पर गंभीरता से अध्यन किया जायेगा तथा झाँसी मण्डल के स्तर पर इन सुझावों को रेल विकास योजनाओं एवं यात्री सुविधाओं में शामिल किया जायेगा। यदि कोई सुझाव क्षेत्रीय रेलवे के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है, तो प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड एवं अन्य जोनों में भेजा जाएगा। महाप्रबंधक के संबोधन उपरांत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा द्वारा झाँसी मंडल में किए जा रहे विकास कार्यों पर एक पावरप्वाइंट प्रस्तुतिकरण किया। इसके बाद सांसद एवं सांसद के प्रतिनिधियों द्वारा सुझाव एवं मांगें रखी गईं। इनमें मुख्यत: आम जनता के सरोकारों के विषय थे जिनमें नई ट्रेन सेवाएं, ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी एवं ठहराव,  प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार,  रेल अवसंरचना एवं नेटवर्क क्षमता में वृद्धि,  सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं स्टेशन परिसर व्यवस्था,  बुनियादी यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता एवं रखरखाव आदि प्रमुख रहे। 
इसी क्रम में बैठक के अध्यक्ष एवं झांसी - ललितपुर से सांसद अनुराग शर्मा  ने अपने संबोधन के दौरान झांसी मंडल के साथ ही भारतीय रेल में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। बैठक के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि झांसी मंडल एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का सुझाव दिया गया। उन्होंने कहा कि झांसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा जिन ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही है, उन ट्रेनों के ठहराव को शीघ्र सुनिश्चित करने की दिशा में रेलवे द्वारा सकारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज के निर्माण कार्यों में तेजी लाकर उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाली भीड़ एवं जाम की समस्या का समाधान हो।
सांसद शर्मा ने लखनऊ–झांसी इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन ललितपुर से प्रारंभ करने, भोपाल से लखनऊ तक स्लीपर वंदे भारत ट्रेन के संचालन तथा बुंदेलखंड के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने के उद्देश्य से बुंदेलखंड सर्किट ट्रेन के संचालन का भी सुझाव रखा। इसके साथ ही काशी से झांसी के बीच वंदे भारत ट्रेन के नवीन संचालन की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई, जिससे बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को काशी सहित अन्य प्रमुख शहरों तक तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध हो सके साथ ही उन्होंने उन्होंने बीडा से नई रेल लाइन को जोड़ने का सुझाव दिया।
उन्होंने झांसी ललितपुर में वाशिंग पिट के शीघ्र निर्माण तथा निर्माणाधीन रेलवे स्टेशनों के कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की आधारभूत संरचना जितनी मजबूत और आधुनिक होगी, क्षेत्र के विकास को उतनी ही गति मिलेगी। सांसद अनुराग शर्मा ने बैठक में रेलवे के कुली बंधुओं के कल्याण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सुझाव भी वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कुली बंधु प्रतिदिन रेलवे यात्रियों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में उन्हें आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जोड़ने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने इस विषय को संबंधित स्तर पर उठाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झांसी मंडल सहित संपूर्ण बुंदेलखंड में बेहतर रेल कनेक्टिविटी, आधुनिक यात्री सुविधाएं और मजबूत रेलवे आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्र की जनता से जुड़े इन सभी विषयों को निरंतर रेलवे एवं संबंधित मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाता रहेगा। सांसद ने रेल्वे की जमीन का उचित उपयोग जाने, ललितपुर स्टेशन का विकास जल्द पूर्ण किए जाने के साथ बरुआसागर स्टेशन पर बुंदेलखंड का ठहराव,फाटक संख्या 367,369 और 341 के कार्य को जल्द करने का सुझाव दिया।
सांसद भिंड दतिया श्रीमती संध्या राय ने बसई स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव के साथ भिंड को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने के लिए नई रेल सेवा का सुझाव दिया। सांसद उरई जालौन नारायण दास अहिरवार ने उरई से नई दिल्ली को जोड़ने और कोंच से कानपुर को सीधे जोड़ने का सुझाव दिया। सांसद मुरैना शिवमंगल सिंह तोमर ने गोवा एक्सप्रेस , गतिमान आदि ट्रेन का मुरैना स्टेशन पर ठहराव के साथ ग्वालियर से श्योपुर कला आमान परिवर्तन का कार्य शीघ्र पूरा कर ट्रेन संचालन का सुझाव दिया।सांसद बांदा श्रीमती कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल ने अतर्रा स्टेशन के विकास और चित्रकूट धाम कर्वी से रामेश्वरम नई ट्रेन का सुझाव दिया।
राज्य सभा सांसद महेश केवट ने ओरछा स्टेशन से गतिमान एक्सप्रेस और ताज एक्सप्रेस का संचालन का सुझाव दिया।
इसके साथ ही सांसद टीकमगढ़,खजुराहो, ग्वालियर, महोबा, सागर के साथ सांसद राज्य सभा के प्रतिनिधियों ने भी अपने बहुमूल्य सुझावों को दिया। रेल प्रशासन द्वारा सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक/सामान्य अतुल मिश्रा ने किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक झाँसी अनिरुद्ध कुमार एवं उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के सभी प्रधान विभागाध्यक्ष एवं मंडल के शाखाधिकारीगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.