श्रम कानूनों के सख्त अनुपालन और EEC 2026 को लेकर मंडल कार्यालय में हुई समीक्षा कार्यशाला

झांसी। आज झांसी मण्डल कार्यालय के सभागार में अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) एवं नोडल अधिकारी (DLMC) की उपस्थिति में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मण्डल के अंतर्गत संचालित विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं ठेका कार्यों में श्रम कानूनों का पूर्ण एवं कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराना, श्रमिकों के हितों की रक्षा करना तथा क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) द्वारा चलाए जा रहे 'कर्मचारी नामांकन अभियान (EEC), 2026' को प्रभावी ढंग से लागू करना रहा।
बैठक के दौरान प्रधान नियोक्ता (Principal Employer) के रूप में रेलवे प्रशासन तथा मण्डल में कार्यरत विभिन्न ठेकेदारों/आउटसोर्सिंग एजेंसियों के मध्य श्रम हित, न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, कार्यस्थल सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा (EPF एवं ESI) से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा एवं गहन समीक्षा की गई।
अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) ने स्पष्ट किया कि रेलवे प्रशासन श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। श्रम नियमों तथा ईपीएफ प्रावधानों की अवहेलना या लापरवाही करने वाले ठेकेदारों/एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के मुख्य निर्णय एवं दिशा-निर्देश:
कर्मचारी नामांकन अभियान (EEC), 2026: अभियान के तहत पात्र संविदा/ठेका श्रमिकों को चिन्हित कर 31   
अक्टूबर 2026 तक शत-प्रतिशत PF सुरक्षा एवं ईपीएफओ नामांकन से जोड़ने के कड़े निर्देश दिए गए।
बैंक खातों में प्रत्यक्ष भुगतान: समस्त संवेदकों को निर्देशित किया गया कि श्रमिकों के पारिश्रमिक का भुगतान समयबद्ध तरीके से केवल सीधे उनके बैंक खातों (Direct Bank Transfer) में ही किया जाए। नकद भुगतान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
कार्यस्थल सुरक्षा एवं कल्याणकारी सुविधाएं: कार्यस्थलों पर स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा किट, मानक सुरक्षा उपकरण (PPE Kits) तथा महिला श्रमिकों के छोटे बच्चों के लिए शिशु गृह (Creche) की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
सघन औचक निरीक्षण: कार्मिक विभाग के मुख्य कल्याण हित-निरीक्षकों (CSWI/SWI) को निर्देश दिए गए कि वे कार्यस्थलों का नियमित पाक्षिक औचक निरीक्षण करें तथा डिजिटल ट्रैकिंग हेतु गूगल शीट पर डेटा अद्यतन रखें।
समीक्षा बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम के अंत में  आदेश कुमार मिश्रा, सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) ने सभी उपस्थित अधिकारियों, शाखा प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.