झांसी में 19 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, प्रेमी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में 5 घंटे के अंदर गिरफ्तार
झांसी। आज बुधवार 7 अक्टूबर को शाम को सोनू रैकवार नाम के एक व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई थी कि मेरी 19 वर्षीय पुत्री को घर में घुसकर एक व्यक्ति द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तथा सभी उच्चाधिकारी मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना के खुलासे और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी गई थीं।
पुलिस टीमों द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के क्रम में घटना के महज 5 घंटे के अंदर ही इस प्रकरण में नामित अभियुक्त कमल रैकवार, जो मृतका के साथ प्रेम प्रसंग में था, को पुलिस मुठभेड़ के दौरान झाँसी एम्पायर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि झाँसी एम्पायर के पास नामित अभियुक्त घटना से संबंधित एक वाहन की तलाश में खड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल सीपरी बाजार पुलिस द्वारा मौके की घेराबंदी करते हुए पुलिस मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से वह तमंचा भी बरामद हुआ है, जिससे उसने आज हत्या की घटना को अंजाम दिया था। मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No Previous Comments found.