नशे के विरुद्ध ज्ञान, संस्कार और संकल्प की अलख जगा रहा ‘प्रयास:सभी के लिए ’, छात्राओं ने नाट्य मंचन से दिया जागरूकता का संदेश"
झांसी। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन की दिशा में प्रेरित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ सामाजिक संस्था ‘प्रयास: सभी के लिए’ द्वारा संचालित नशा मुक्ति जागरूकता अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है आज इसी श्रृंखला में अभियान का पांचवा सरस्वती शिशु मंदिर कन्या इंटर कॉलेज, दतिया द्वार, झाँसी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष के.डी. गुप्ता ने की, जबकि अभियान का नेतृत्व संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनमोहन गेड़ा ने किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के आह्वान से प्रेरित होकर ‘प्रयास: सभी के लिए’ संस्था द्वारा प्रारंभ किया गया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान अब विभिन्न विद्यालयों तक पहुँचकर जनचेतना की सशक्त श्रृंखला का रूप ले रहा है। इसी क्रम में आज पाँचवें विद्यालय में छात्राओं के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता की अलख जगाई गई।
अभियान का नेतृत्व कर रहे संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनमोहन गेड़ा ने छात्राओं एवं उपस्थित जनसमुदाय को नशे से सदैव दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह आह्वान केवल नशे से मुक्ति का संदेश नहीं, बल्कि समाज में नैतिक चेतना, आत्मसंयम, स्वस्थ जीवन-मूल्यों और उत्तरदायी नागरिकता को सुदृढ़ करने का संकल्प है। ‘प्रयास:सभी के लिए ’ का यह सतत प्रयास विश्वास जगाता है कि जागरूकता की यह ज्योति जन-जन तक पहुँचेगी और एक स्वस्थ, संस्कारवान एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सार्थक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. कल्पना सिंह ने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण, संस्कारों के विकास और भविष्य की दिशा निर्धारित करने का सबसे महत्वपूर्ण कालखंड है। इस अवस्था में अपनाई गई आदतें जीवन की दशा और दिशा तय करती हैं। नशा व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं को क्षीण करने के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और विवेक को अपना आधार बनाते हुए नशे से सदैव दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता का प्रकाश फैलाएँ। जागरूक और संस्कारवान युवा ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।
इस अवसर पर छात्राओं लक्षिका शाक्या, वेदिका नामदेव, लवली साहू, मुस्कान कुशवाहा, जागृति, महक पटेल एवं रागिनी ने नशामुक्ति विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों, युवाओं के जीवन पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया। छात्राओं ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशे से दूरी, आत्मविश्वास, जागरूकता और सही निर्णय ही उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्राओं तान्या, दीक्षा, रिया एवं नित्या द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन रहा। नाट्य प्रस्तुति के साथ छात्राओं ने मंच से अपने विचार भी साझा किए। उनकी प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि नशे की प्रवृत्ति से बचाव के लिए जागरूकता, सही मार्गदर्शन और सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की समन्वय समिति की ओर से प्रधानाचार्य डॉ. कल्पना सिंह सहित शिक्षिकाओं एवं शिक्षकगण—सुरभि श्रीवास्तव, रिचा सोनी, मोनिका गुप्ता, कविता चौरसिया, अंजू खत्री, रागिनी दात्रे, रीना गुप्ता, संगीता कुशवाहा, किरण शर्मा, वंदना रावत, अर्चना पचौरी, स्मिता सक्सेना, मुकुल शर्मा, रविंद्र पाल, धर्मेंद्र यादव, सपना गुप्ता एवं शिवानी की सहभागिता रही।
संस्था की ओर निवर्तमान अध्यक्ष रामबाबू शर्मा, एच.एन. शर्मा, बी.पी. नायक, अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव, अशोक अग्रवाल (पीएनबी), अरुण खरे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के मुख्य कार्यक्रम संयोजक रवि पाण्डेय ने किया।
अंत में संस्था के महामंत्री नवीन श्रीवास्तव ने उपस्थित अतिथियों, विद्यालय की प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्राओं एवं प्रयास परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अभियान को निरंतर गति प्रदान करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
‘नशामुक्त युवा, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र’ के संकल्प के साथ ‘प्रयास: सभी के लिए’ का यह जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। संस्था का उद्देश्य है कि जागरूकता का यह प्रयास विद्यालयों की सीमाओं से आगे बढ़कर जन-जन की चेतना बने और नशे के विरुद्ध एक सशक्त सामाजिक आंदोलन का स्वरूप ग्रहण करे।

No Previous Comments found.