नगरा–प्रेमनगर की जाम समस्या पर अब डीआरएम से लगाई गुहार, ओवरब्रिज निर्माण की मांग
झाँसी।आज नगरा–प्रेमनगर क्षेत्र की जाम समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिला जनकल्याण महासमिति ने रेलवे प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। महासमिति के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंडल रेल प्रबंधक, अनिरुद्ध कुमार,उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी को ज्ञापन सौंपकर रेलवे वर्कशॉप स्टोर से डीआरएम कार्यालय तक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की मांग उठाई।
महासमिति का कहना है कि नगरा, पुलिया नंबर 9 और प्रेमनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनके परिवार रहते हैं। प्रतिदिन हजारों लोगों को रेलवे स्टेशन, डीआरएम कार्यालय, डीजल शेड, एसी शेड, रेलवे अस्पताल और वर्कशॉप सहित विभिन्न स्थानों तक पहुंचने के लिए इस मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। लेकिन रेलवे लाइनों पर लगातार शंटिंग और ट्रेनों की आवाजाही के कारण लोगों को बार-बार रास्ता बंद होने की समस्या झेलनी पड़ती है।
ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित मार्ग पर 23 से अधिक रेलवे लाइनें हैं। शंटिंग के साथ व्यस्त मानिकपुर रेल लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण आवागमन बाधित होता है और कई बार लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। सुबह के समय स्थिति अधिक परेशानी भरी हो जाती है। स्कूली बच्चों के वाहन जाम में फँसते हैं, यात्रियों को ट्रेन छूटने की चिंता रहती है और रेलवे कर्मचारियों को भी समय पर ड्यूटी स्थल तक पहुँचने में दिक्कत होती है। मरीजों और बुजुर्गों के लिए भी यह समस्या गंभीर कठिनाई पैदा करती है।
ओवरब्रिज को बताया समस्या का स्थायी विकल्प
डॉ. जितेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि यह केवल यातायात की समस्या नहीं, बल्कि हजारों नागरिकों और रेलवे कर्मचारियों के दैनिक जीवन से जुड़ा जनहित का विषय है। रेलवे परिचालन और शंटिंग अपनी जगह आवश्यक हैं, लेकिन इनके कारण एक बड़े आबादी वाले क्षेत्र का आवागमन लगातार प्रभावित होना चिंता का विषय है। इसके लिए ऐसा स्थायी विकल्प जरूरी है, जिससे रेल परिचालन भी प्रभावित न हो और आम लोगों को भी राहत मिल सके।
महासमिति ने मांग की कि रेलवे वर्कशॉप स्टोर से डीआरएम कार्यालय तक ओवरब्रिज निर्माण की संभावनाओं का तकनीकी सर्वेक्षण कराकर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। ओवरब्रिज बनने से नगरा, पुलिया नंबर 9, प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुगम आवागमन मिलेगा। साथ ही समय एवं ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी तथा स्कूली बच्चों, यात्रियों, मरीजों और रेलवे कर्मचारियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगी।
डॉ. तिवारी ने मंडल रेल प्रबंधक से आग्रह किया कि इस मांग को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक परीक्षण और कार्रवाई कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। अनिरुद्ध कुमार मंडल रेल प्रबंधक ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मौके पर आर एन उपाध्याय, एम पी द्विवेदी, प्रधान इंदरपाल सिंह खनूजा,बी पी नायक,अजय तिवारी, धर्मेंद्र कारलेकर, पंकज झा, सतेंद्र कुमार तिवारी आदि उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.