झाँसी में यातायात माह का भव्य शुभारंभ, यातायात जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया गया रवाना

झांसी: आज जनपद झाँसी में यातायात माह नवम्बर-2026 का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक झाँसी रेंज आकाश कुलहरि द्वारा फीता काटकर किया गया तथा पुलिस महानिरीक्षक झांसी रेंज द्वारा हरी झण्डी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी झाँसी  गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार सहित जनपद के अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर जनपदवासियों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने से बचें। साथ ही वाहन चलाते समय यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों का विशेष ध्यान रखें।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं बहुमूल्य जीवन की रक्षा करने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है तथा यातायात नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा से जुड़े हुए हैं। थोड़ी सी लापरवाही न केवल स्वयं के लिए, बल्कि अन्य राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनना चाहिए।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा यातायात नियमों का पालन करने तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली गई। साथ ही यातायात जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को सुरक्षित यातायात, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
यातायात माह नवम्बर-2026 के अंतर्गत जनपद झाँसी पुलिस द्वारा पूरे माह विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, रैलियों एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से आमजन, वाहन चालकों, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाना तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना विकसित करना है।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.