ग्राम सकरार में प्रधान पर गबन का आरोप, DM के निर्देश पर पहुंची जांच टीम, शिकायतकर्ताओं से एकत्रित किए साक्ष्य
सकरार झांसी: ग्राम पंचायत सकरार में ग्राम प्रधान पर सरकारी धन के गबन और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की गंभीर शिकायत पर आज प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी झांसी के निर्देशन पर जांच टीम ग्राम पंचायत सकरार पहुंची और शिकायतकर्ताओं से मुलाकात की।
जांच टीम शामिल भूमि संरक्षण अधिकारी तुलसीराम एवं लोक निर्माण विभाग अधिकारी ने शिकायतकर्ताओं से ग्राम प्रधान पर लगाए गए आरोपों से जुड़े सभी साक्ष्य और अभिलेख एकत्रित किए और छुटे हुए अभिलेखों को सात दिन में उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों का मुआयना करने के बाद टीम मौके पर जाकर ग्राम पंचायत में हुए कार्यों की विस्तृत जांच करेगी।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये का गबन किया गया है। सड़क निर्माण, नाली, हैंडपंप मरम्मत,पेयजल टैंकर,गौशाला की खाद बेचने सहित कई योजनाओं में कागजों पर काम दिखाकर फर्जी तरीके से धन निकाला गया, जबकि धरातल पर काम अधूरा है या हुआ ही नहीं। साथ ही प्रधान पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने जिलाधिकारी झांसी को लिखित शिकायत दी। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए।
आज जांच टीम के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में हलचल मच गई। टीम ने शिकायतकर्ताओं के बात की और पंचायत के अभिलेखों की प्रारंभिक जानकारी ली। टीम ने स्पष्ट कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। अगर गबन की पुष्टि होती है तो प्रधान सहित दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गबन की राशि की वसूली भी की जाएगी।
ग्रामीणों ने जांच टीम से मांग की है कि गांव में हुए सभी विकास कार्यों की मौके पर भौतिक सत्यापन कराया जाए और पंचायत के पिछले 5 साल के आय-व्यय का पूरा हिसाब लिया जाए।
जांच टीम ने शिकायतकर्ताओं को 7 दिन का समय देते हुए कहा कि अगली तारीख में टीम के द्वारा धरातलीय कार्यों की जांच की जाएगी।
वही शिकायतकर्ताओं में शामिल देवेंद्र,नरेंद्र,रामकिशुन,लखन एवं रामदयाल सहित अन्य शिकायत कर्ताओं ने बताया कि आज जांच टीम ने सिर्फ साक्ष्य एकत्रित कर कहा कि वह कागजों का निरीक्षण कर आगे मौके की जांच की जाएगी लेकिन शिकायतकर्ता इससे संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में विकास सिर्फ़ ग्राम प्रधान का हुआ है बाकी ग्राम गलियों की हालत इतनी खस्ताहाल है कि बच्चों को स्कूल जाने के लिए भी नाली के गंदे पानी के बीच से जाना पड़ता है वही ग्रामीणों को मृतक का अंतिम संस्कार करने के लिए भी इसी गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है।
रिपोर्ट अंकित साहू

No Previous Comments found.