हेलमेट नहीं तो चालान पक्का, एक दिन में 16 लाख का जुर्माना
झांसी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी विकास कुमार के आदेशों-निर्देशों के अनुपालन एवं पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह (नोडल अधिकारी यातायात, झाँसी) व क्षेत्राधिकारी यातायात, झाँसी रामवीर सिंह के निकट पर्यवेक्षण वनिर्देशन में जनपद में 'यातायात माह' के दृष्टिगत प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं यातायात पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर की जा रही है।
इसी क्रम में आज जैकब हाई स्कूल में निरीक्षक यातायात देवेन्द्र कुमार शर्मा तथा जीआईसी कॉलेज कस्बा मउरानीपुर में निरीक्षक यातायात प्रेमपाल सिंह द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति विस्तृत रूप से जागरूक किया गया। इस अवसर पर छात्रों को सुरक्षित यातायात के महत्व के बारे में बताते हुए सदैव यातायात नियमों का पालन करने एवं अपने परिजनों को भी इसके प्रति प्रेरित करने हेतु शपथ दिलाई गई।
जनपद झाँसी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों-यथा बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एण्ड ड्राइव, फाल्टी नंबर प्लेट, मोडीफाइड साइलेंसर, तीन सवारी, नो-पार्किंग, नाबालिग द्वारा वाहन चलाना, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग तथा ब्लैक फिल्म इत्यादि के विरुद्ध दिनांक 16.11.2026 को एक दिन में कुल 1,295 चालान कर 16,18,500/- रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया तथा कुल 2 वाहनों को सीज करने की कार्यवाही की गई है।
जनपद झाँसी के समस्त नागरिकों से यातायात विभाग, झाँसी की ओर से विशेष अपील की जाती है कि आकस्मिक दुर्घटनाओं से बचाव हेतु जब भी यात्रा के लिए निकलें, विशेषकर यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट व चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें, ओवरस्पीडिंग न करें, सड़क पर स्टंटबाजी न करें तथा शराब पीकर वाहन कदापि न चलाएं। यातायात विभाग झाँसी आपकी सुरक्षा हेतु दृढ़ संकल्पित है।
रिपोर्ट अंकित साहू

No Previous Comments found.