ड्रोन से होगा पहूज नदी का सर्वे, आईआईटी रुड़की तीन चरणों में तैयार करेगी रिपोर्ट

झांसी। पहूज नदी में बढ़ते प्रदूषण और उसके तटवर्ती क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण को लेकर अब व्यापक स्तर पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। न्यायालय के सख्त रुख के बाद आईआईटी रुड़की की टीम ड्रोन के माध्यम से पहूज नदी का सर्वे करेगी। यह सर्वे तीन चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसके आधार पर संस्थान अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। जनवरी 2027 से शुरू होने वाले इस सर्वे में आईआईटी रुड़की के साथ पांच विभाग भी शामिल होंगे। सर्वे के दौरान नदी की वास्तविक चौड़ाई, ग्रीन बेल्ट, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र (फ्लड एरिया), नदी में मिलने वाले नाले-नालियों और उनमें गिरने वाली गंदगी का विस्तृत ब्योरा जुटाया जाएगा। यह जानकारी समाजसेवी साइमन डेनियल, नरेंद्र श्रीवास्तव, सरदार हरमन सिंह और आरिफ ने दी।
 
याचिकाकर्ता अधिवक्ता नरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में पहूज नदी की बदहाली, प्रदूषण और अतिक्रमण को लेकर याचिका दाखिल की थी। इस मामले में न्यायालय ने 14 विभागों और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। इसके बावजूद केवल दो विभागों उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सिंचाई विभाग ने ही अपना जवाब दाखिल किया, जबकि शेष विभागों और संबंधित पक्षों की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इस पर न्यायालय ने संबंधित पक्षों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई।
 
उन्होंने बताया कि न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत जवाबों में भी पहूज नदी की वास्तविक चौड़ाई, ग्रीन बेल्ट की माप और फ्लड एरिया की अधिकतम दूरी का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। हालांकि, एक विभाग की ओर से दाखिल जवाब में यह स्वीकार किया गया है कि पहूज नदी के फ्लड एरिया में निर्माण कार्य किए गए हैं। ऐसे में नदी की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से सर्वे कराया जाना बेहद जरूरी हो गया है।
 
समाजसेवी साइमन डेनियल ने बताया कि पहूज नदी का उद्गम मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के समीप होता है। लगभग 195 किलोमीटर लंबी यह नदी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से होकर बहती है तथा आगे चलकर पचनद में मिलती है। झांसी महानगर की पेयजल आपूर्ति में पहूज नदी की लगभग 25 प्रतिशत भागीदारी है। इसके बावजूद महानगर के नाले और गंदगी सीधे नदी में गिरने से इसका पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है। यह स्थिति महानगरवासियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
 
उन्होंने कहा कि नदी में गिरने वाले गंदे नालों के कारण पहूज का पानी दूषित हो चुका है और महानगर के लोगों को पेयजल के रूप में इसी पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ऐसे में नदी को प्रदूषण मुक्त करना और उसके प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखना बेहद आवश्यक है।
 
साइमन डेनियल ने कहा कि आईआईटी रुड़की की ओर से ड्रोन तकनीक के माध्यम से किया जाने वाला सर्वे पहूज नदी की वास्तविक स्थिति सामने लाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। तीन चरणों में होने वाले सर्वे में नदी के बहाव क्षेत्र, तटों पर हुए अतिक्रमण, ग्रीन बेल्ट और बाढ़ क्षेत्र की सीमाओं का वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा। इसके अलावा नदी में मिलने वाले नालों और प्रदूषण के स्रोतों को भी चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आईआईटी रुड़की की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पहूज नदी को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.