ग्वालियर ने जीती मीनेश प्रीमियर लीग की ट्रॉफी, रोमांचक फाइनल में प्रयागराज को 8 रन से हराया
झांसी। जीआईसी मैदान पर आयोजित ऑल इंडिया ओपन जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट मीनेश प्रीमियर लीग का रविवार को रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन दो सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद खेले गए फाइनल में जावेद टॉप स्टार क्लब ग्वालियर ने हाईटेक इलेवन प्रयागराज को आठ रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में ग्वालियर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। कप्तान आवेद खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हाईटेक इलेवन प्रयागराज की टीम निर्धारित 10 ओवर में 100 रन ही बना सकी। प्रयागराज की ओर से गोलू रैना ने 36 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस तरह ग्वालियर ने आठ रन से मुकाबला जीतकर मीनेश प्रीमियर लीग की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल के प्लेयर ऑफ द मैच आवेद खान रहे।
इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में डॉक्टर कपिल इलेवन झांसी और हाईटेक इलेवन प्रयागराज के बीच मुकाबला हुआ। झांसी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में सात विकेट पर 110 रन बनाए। कप्तान आशु यादव ने 56 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में प्रयागराज की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 7.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की। गोलू रैना ने 27 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में जावेद टॉप स्टार क्लब ग्वालियर और री-यूनियन स्ट्राइकर्स दिल्ली आमने-सामने रहे। दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में सात विकेट पर 90 रन बनाए। साहिल लेफ्टी ने 28 रनों का योगदान दिया। जवाब में ग्वालियर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। लवी संधू ने 28 रनों की उपयोगी पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ग्वालियर की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया और खिताबी मुकाबले में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि ऋषिकेश मीना तथा विशिष्ट अतिथि राजेंद्र मीणा रहे। सभी मुकाबलों में अंपायर की भूमिका जीतू मीणा और हंसराज मीणा ने निभाई, जबकि सनम मीना स्कोरर तथा विवेकराज मिश्रा मैच रेफरी रहे। झांसी के लोकप्रिय कमेंटेटर सागर तिवारी ने अपनी शानदार कमेंट्री से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं एंकर हाफिज खान ने भी अपनी प्रस्तुति से लोगों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य आशु यादव, बृजेन्द्र सिंह यादव, भैयाराम मीना, कालूराम मीना, घनश्याम मीना, फैलीराम मीना, मुनेश चंद मीणा, नफीज मकरानी, रतन मीना, केदार मीणा, मंगल यादव, नितेश कुमार, जयकिशन मीना, सीएल मीना, डॉक्टर कपिल, शिवा यादव, लक्की कुरैशी, दशरथ सिंह, सुरेश चंद्र, प्रेम सिंह, लेखराज मीणा, महेंद्र मीना, रोहित यादव, ओम प्रकाश मीणा, रमाशंकर यादव और जावेद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में टूर्नामेंट के आयोजक रामराज ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No Previous Comments found.