अजय सिकरवार बने बुंदेलखंड केसरी, सत्येन्द्र अहिरवार ने जीता बुंदेलखंड कुमार का खिताब
झांसी। जिला कुश्ती संघ, झांसी के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय बुंदेलखंड केसरी एवं जिला केसरी दंगल प्रतियोगिता का 24 नवंबर को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में भव्य समापन हुआ।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि समाजसेविका अनुराधा शर्मा रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामनरेश तिवारी, राष्ट्रीय मंत्री किसान मोर्चा भाजपा तथा सुरेश चन्द्र उपाध्याय, मुख्य वरिष्ठ प्रदेश सचिव उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ, आयोजन अध्यक्ष डॉ. अशोक राय उपस्थित रहे। अध्यक्षता जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनमोहन गेड़ा ने की।
प्रतियोगिता में बुंदेलखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 125 पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। पहले दिन 23 नवंबर को वजन परीक्षण एवं वर्ग निर्धारण के बाद मुकाबले शुरू हुए। दूसरे दिन फाइनल मुकाबलों में रोमांचक भिड़ंत हुई।
इन पहलवानों ने जीते खिताब
बुंदेलखंड केसरी (80 किग्रा से अधिक): प्रथम - अजय सिकरवार, झांसी, द्वितीय - शिवम यादव, झांसी, तृतीय - उदयवीर, बबीना एवं जतिन, झांसी
बुंदेलखंड कुमार (70 से 80 किग्रा): प्रथम - सत्येन्द्र अहिरवार, बबीना, द्वितीय - सोहेल, बबीना, तृतीय - आर्यन यादव, सागर एवं देव राजपूत, लहरगिर्द
जिला केसरी (60 किग्रा से अधिक): प्रथम - राजवीर, करारी, द्वितीय - राजदीप, बबीना, तृतीय - धीरेंद्र अहिरवार, टपरियन एवं जयवीर गुर्जर, करारी
वीर अभिमन्यु (45 से 50 किग्रा): प्रथम - जयप्रकाश, हंसारी, द्वितीय - तनिष्क, बबीना, तृतीय - सागर, डगरवाहा एवं ऋतिक पाल, मिलान
महिला पहलवानों ने भी दिखाया दमखम
महिला वर्ग में श्रद्धा, निधि, सुहानी, हर्षिता, रितिका, प्रथा, विधि, अनुष्का एवं तमन्ना विजेता रहीं। वहीं अनुष्का, आयुषी, प्रतीक्षा, जैनवी, अमृता, रितु, वेदिका, शिखा एवं दीक्षा उपविजेता रहीं।
मुख्य अतिथि अनुराधा शर्मा ने कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास का खेल है। बुंदेलखंड की माटी ने हमेशा गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी दिए हैं।
अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने कहा कि अखाड़े में मिली जीत वर्षों के अभ्यास और परिश्रम का परिणाम होती है। जो खिलाड़ी इस बार जीत नहीं सके, वे निराश न हों। संघ बुंदेलखंड की प्रतिभाओं को आगे भी ऐसा मंच देता रहेगा।
विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार, गदा, शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल, रेफरी और खलीफाओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय रेफरी राम सजन यादव, अंतरराष्ट्रीय कोच अशोक सोनकर, राष्ट्रीय कोच रामजन्म यादव एवं कौशल कुमार सहित संघ के पदाधिकारी मोनी पहलवान, पीटर सैमुअल, जमुना प्रसाद कुशवाहा, सुशील कुमार गुप्ता, सुरेंद्र प्रजापति, तिलक यादव, सुनील कुमार गुप्ता, अरविंद वशिष्ठ, रोहित पांडे, रामकुमार लोहिया, सुदर्शन शिवहरे, अशोक अग्रवाल, बलविंदर कौर, रामबाबू यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
दो दिवसीय आयोजन के समन्वयक जिला सचिव हरविन्द कुमार रहे। समापन समारोह का संचालन संरक्षक बैदेहीशरण सरावगी एवं सुंदर ग्वाला ने किया। अंत में आयोजन अध्यक्ष डॉ. अशोक राय ने सभी का आभार व्यक्त किया।

No Previous Comments found.