कटनी स्टेशन के बाहर धड़ल्ले से अवैध वसूली! बाउंड्री के बाहर भी सक्रिय बिलोहा ग्रुप

कटनी -  रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध वसूली का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सूत्रों की जानकारी अनुसार बिलोहा ग्रुप द्वारा रेलवे से अधिकृत पार्किंग का ठेका केवल निर्धारित बाउंड्री के भीतर का है, लेकिन इसके बावजूद स्टेशन के बाहर से लेकर रिजर्वेशन काउंटर, फूड प्लाजा और कृष्णा होटल के सामने तक अवैध वसूली की जा रही है।

बाउंड्री के बाहर भी वसूली का खेल
स्थानीय लोगों का कहना है कि चार युवकों को तैनात कर स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आसपास के क्षेत्रों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों से खुलेआम पैसे वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, रेलवे पार्किंग क्षेत्र में हाथ ठेला लगाने वालों से भी किराया लिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस अवैध वसूली से प्रतिदिन लगभग 4,000 रुपये की उगाही हो रही है, जो महीने में करीब 1.20 लाख रुपये तक पहुंच जाती है।
नियमों की खुलेआम अनदेखी

रेलवे पार्किंग के नियमों के अनुसार:
पार्किंग क्षेत्र में बैरियर होना अनिवार्य है
कर्मचारियों को वर्दी और आई कार्ड पहनना जरूरी है
अधिकृत रसीद देना अनिवार्य है
लेकिन आरोप है कि यहां न तो बैरियर लगा है, न कर्मचारी वर्दी में नजर आते हैं और न ही पहचान पत्र प्रदर्शित किया जाता है।
अधिकारियों पर भी उठ रहे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस अवैध वसूली से रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को कोई जानकारी नहीं है? स्टेशन परिसर में जीआरपी थाना और आरपीएफ की मौजूदगी के बावजूद यह गतिविधि जारी रहना कई तरह के संदेह पैदा करता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इससे रेलवे प्रशासन को राजस्व हानि के साथ-साथ आम यात्रियों का शोषण भी जारी रहेगा।
अब देखना यह होगा कि रेलवे प्रशासन और पुलिस विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करते हैं या फिर यह अवैध वसूली यूं ही चलती रहेगी।

रिपोर्टर सुमित जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.