अवैध उत्खनन पर प्रशासन ने कसा शिकंजा 5 किमी पीछा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, खनिज माफियाओं की निकली हेकड़ी
कटनी : जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी और साहसिक कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश के पालन में जिला टास्क फोर्स समिति द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिससे खनिज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है।
नगर निगम क्षेत्र में स्थित बंद पड़ी पुरानी लेटराइट खदानों से अवैध मलबा उठाव की सूचना मिलने के बाद खनिज विभाग की टीम पिछले दो दिनों से सक्रिय निगरानी कर रही थी। जांच में यह सामने आया कि कुछ स्थानीय तत्व फावड़े-तसले के माध्यम से मलबा एकत्र कर उसका अवैध परिवहन कर रहे थे।
खनिज अमले ने सुनियोजित रणनीति के तहत रविवार की अलसुबह घेराबंदी कर कार्रवाई की। सुबह करीब 6 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन करते हुए चिन्हित किया गया। टीम को देखकर चालक ने ट्रॉली खाली कर भागने का प्रयास किया, लेकिन खनिज अमले ने लगभग 5 किलोमीटर तक पीछा कर उसे धर दबोचा।
जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित पुलिस थाना माधवनगर में खड़ा कराया गया है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं होमगार्ड स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में तहसील स्तर पर टास्क फोर्स की कार्रवाई और अधिक तेज व प्रभावी रूप से जारी रहेगी।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल


No Previous Comments found.