महापौर जनसुनवाई कल 19 मई को, समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु नागरिकों से उपस्थित होने की अपील
कटनी : आमजन की समस्याओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जा रही महापौर जनसुनवाई नागरिकों के लिए एक भरोसेमंद एवं सशक्त मंच के रूप में स्थापित हो रही है। इस पहल के माध्यम से शहरवासी अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख पा रहे हैं, जिससे शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया अधिक सरल और त्वरित बन रही है।
इसी क्रम में मंगलवार 19 मई को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मेयर इन काउंसिल सभागार में महापौर जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। शहर के विभिन्न वार्डों से नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर जनसुनवाई में उपस्थित हो सकते हैं।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं रखने का अवसर प्राप्त होगा। प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जनसुनवाई में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जिससे प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की जा सकेगी। इससे नागरिकों को अलग-अलग शाखाओं के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा एक ही स्थान पर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु जनसुनवाई में उपस्थित होकर इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं, ताकि समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल

No Previous Comments found.