महापौर ने संवेदनशीलता से सुनीं नागरिकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
कटनी : नगर निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई एक बार फिर नागरिकों के लिए राहत और विश्वास का केंद्र बनी। प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हुई जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं एवं मांगें लेकर पहुंचे। इस दौरान निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहे, जिससे नागरिकों को अलग-अलग शाखाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़े तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। नागरिकों की समस्याओं पर गंभीरता से हुई सुनवाई जनसुनवाई के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने पेयजल, सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, राजस्व एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
दिव्यांग नागरिक की समस्या सुनने स्वयं पहुंचीं महापौर
जनसुनवाई के दौरान वेंकट वार्ड से आए दिव्यांग नागरिक अजय निषाद शारीरिक असुविधा के कारण सभागार तक नहीं पहुंच सके। इसकी जानकारी मिलते ही महापौर स्वयं नीचे पहुंचीं और उनसे मुलाकात कर उनकी समस्या को गंभीरता से सुना। अजय निषाद द्वारा राशन पर्ची में नाम दर्ज कराए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई, जिस पर मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा प्रकरण का त्वरित संज्ञान लेते हुए निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। महापौर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। नगर निगम प्रशासन आमजन की सुविधा एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है तथा प्रत्येक शिकायत के निराकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से भी नगर विकास, स्वच्छता एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
रिपोर्टर : सुमित जायसवाल
No Previous Comments found.