एन एच-30 के ब्लैक स्पॉट लखपतेरी में दुर्घटना रोकने पुलिस की पहल

कटनी - राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम लखपतेरी (जलासुर मार्ग) स्थित चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कटनी यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं  मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा और जन-जागरूकता संबंधी कार्यवाही की। यातायात पुलिस के अनुसार लखपतेरी क्षेत्र में पूर्व में कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की मौत हुई है तथा अनेक लोग घायल हुए हैं। दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्र में चेतावनी सूचक फ्लेक्स बोर्ड,सावधानी संकेतक एवं जागरूकता संदेश लगाए गए हैं,ताकि वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकें। निरीक्षण के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, तेज रफ्तार एवं खतरनाक ओवरटेकिंग से बचने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, जबकि सतर्कता और नियमों का पालन कई लोगों की जान बचा सकता है। पुलिस द्वारा जिले के अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का भी सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक एवं जन-जागरूकता संबंधी कार्यवाही आगे भी जारी रखी जाएगी। यातायात पुलिस की अपील "सावधानी हटी, दुर्घटना घटी", "धीमी गति-सुरक्षित यात्रा" तथा "हेलमेट और सीट बेल्ट आपका सुरक्षा कवच हैं" जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.