बारिश से पहले नाले-नालियों की सफाई तेज,शहरभर में चला स्वच्छता अभियान

कटनी - स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सफाई और जल निकासी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का अभियान तेज कर दिया गया है। निगम के नोडल अधिकारी प्रतिदिन सुबह विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों की निगरानी कर रहे हैं तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दे रहे हैं। बुधवार को सरला नगर,इंदिरा नगर,स्टेशन रोड,गोल बाजार,सुभाष चौक,मिशन चौक,विश्वकर्मा पार्क,सिविल लाइन, झंडा बाजार,बरही रोड,घंटाघर मार्ग,जगन्नाथ चौक,नदीपार क्षेत्र,बरगवां मार्ग,माधवनगर तथा महावीर कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मुख्य सड़कों पर स्वीपिंग मशीन के माध्यम से धूल और मिट्टी की सफाई कराई गई, जिससे मार्गों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

वहीं आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम ने नाले-नालियों की सफाई का कार्य भी तेज कर दिया है। सुभाष चौक, नया मोहल्ला, राशन गली, नई बस्ती, शिवनगर, उडिया मोहल्ला, खिरवा रोड, अमीरगंज, इंदिरा आवास कॉलोनी सहित कई वार्डों में नालियों और बड़े नालों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के प्रयास किए गए। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें तथा कचरा संग्रहण वाहनों को ही दें,ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

रिपोर्टर - सुमित जायसवाल

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.