विकास के पथ पर रफी अहमद किदवई वार्ड: 30.87 लाख की लागत से जागृति कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण का श्रीगणेश

कटनी : शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और हर गली-मोहल्ले तक विकास की रोशनी पहुँचाने की मुहिम के तहत शुक्रवार को रफी अहमद किदवई वार्ड में एक और उपलब्धि जुड़ गई। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद खुशबू अनिरुद्ध सोनी की गरिमामयी उपस्थिति और कन्याओं के पावन पूजन के साथ लगभग 30 लाख 87 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य का श्रीगणेश किया गया।

इस दौरान एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना यादव, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनों की मौजूदगी रही।

 जागृति कॉलोनी में सुगम आवागमन का मार्ग प्रशस्त

इस स्वीकृत विकास राशि से रफी अहमद किदवई वार्ड की जागृति कॉलोनी के मुख्य मार्गों की तस्वीर बदलने जा रही है। योजना के अंतर्गत अरुण गिरी गोस्वामी से सुनील दुबे, राजमणि गौतम तथा परमानंद चौबे से राजू तिवारी के निवास तक लगभग 30 लाख 87 हजार रुपये की लागत से उच्च गुणवत्तायुक्त सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र के निवासियों को जलभराव और आवाजाही में होने वाली समस्याओं से हमेशा के लिए राहत मिलेगी।

वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि हमारा एकमात्र ध्येय शहर के हर कोने का संतुलित और सर्वांगीण विकास करना है। जनता ने हम पर जो विश्वास जताया है, उसे हम अपने कार्यों के जरिए साबित कर रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हर नागरिक का अधिकार है, और इसे समय पर पूरा करना हमारा कर्तव्य है।

क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती खुशबू अनिरुद्ध सोनी ने वार्ड को विकास की यह सौगात मिलने पर महापौर श्रीमती सूरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दृढ़ नेतृत्व, सकारात्मक सोच और सक्रिय सहयोग से वार्ड में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि जागृति कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। उन्होंने वार्ड के विकास के लिए निरंतर सहयोग प्रदान करने हेतु महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वार्डवासियों ने भी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और महापौर, क्षेत्रीय पार्षद एवं निगम प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

रिपोर्टर : सुमित जायसवाल 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.