जिलाधिकारी विक्रम विरकर की विशेष पहल अधिकारी/कर्मी ऑफ द मंथ से उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार को मिलेगा सम्मान

खागड़ी - जिला प्रशासन, खगड़िया में अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य, नवाचार तथा जनहितकारी प्रयासों को पहचान एवं प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी  विक्रम विरकर की विशेष पहल पर “अधिकारी/कर्मी ऑफ द मंथ” की नई पहल प्रारंभ की गई है। इस पहल के तहत प्रत्येक माह ऐसे अधिकारियों एवं कर्मियों को चिह्नित कर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने नियमित दायित्वों से आगे बढ़कर नवाचार, कार्य में उत्कृष्टता, बेहतर सेवा वितरण अथवा जनहित में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इसका उद्देश्य अच्छे कार्यों को पहचान देने के साथ-साथ जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों को भी बेहतर कार्य एवं नवाचार के लिए प्रेरित करना है।

इस माह विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के डीएएम श्री रंजीत कुमार को टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में किए गए विशेष नवाचार के लिए सम्मानित किया गया। उनके द्वारा टीबी से संबंधित एक वेबसाइट विकसित की गई है, जिसके माध्यम से आम नागरिक टीबी जांच के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं। साथ ही, टीबी उन्मूलन के प्रयासों में सहयोग करने के इच्छुक लोग इस माध्यम से अपना योगदान भी दे सकते हैं। तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

एटीओ  रवि रंजन को बेहतर एवं उपयोगी रेडी रेकनर तैयार करने के लिए सम्मानित किया गया। उनके द्वारा तैयार रेडी रेकनर से संबंधित कार्यों में त्वरित संदर्भ, सुविधा एवं कार्य निष्पादन में एकरूपता लाने में मदद मिली है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने की दिशा में तैयार किए गए फ्लोटिंग क्लिनिक में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी  चंदन कुमार, एमवीआई  अभिषेक कुमार एवं वरीय उप समाहर्ता सुश्री कौशिकी कश्यप को सम्मानित किया गया।

स्थानीय संसाधनों एवं कारीगरों के सहयोग से महज 15–20 हजार रुपये की लागत में तैयार किया गया यह फ्लोटिंग क्लिनिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके माध्यम से अब तक 1,300 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। बाढ़ के दौरान सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं को जलमार्ग के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की यह पहल कम लागत में स्थानीय नवाचार एवं त्वरित समाधान का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इसी क्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी  मोहम्मद जियाउर रहमान के नेतृत्व में आईटी मैनेजर बमबम कुमार को आरटीपीएस सेवाओं में जिले को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कराने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। तकनीकी दक्षता, सतत अनुश्रवण एवं सेवा वितरण में सुधार के प्रयासों से जिले की आरटीपीएस सेवाओं के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

जिलाधिकारी  विक्रम विरकर ने कहा कि जिला प्रशासन में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी के समर्पण, नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य को पहचान मिलना आवश्यक है। “अधिकारी/कर्मी ऑफ द मंथ” पहल के माध्यम से ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि एक अधिकारी या कर्मी का नवाचार पूरे प्रशासन के लिए प्रेरणा बन सके। उन्होंने कहा कि जनहित में किए गए छोटे-से-छोटे प्रभावी प्रयास भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।

रिपोर्टर - उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.