बेटियों को पंख देना हमारी जिम्मेदारी है, ताकि वे कल समाज का सशक्त भविष्य बन सकें

खगड़िया : सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बुधवार को उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय काशिमपुर में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों की उपस्थिति में विद्यालय के विकास और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही श्याम लाल राष्ट्रीय उच्च विद्यालय में भी प्रबंधकारिणी समिति का गठन कर विकास कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बबलू मंडल ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “शिक्षा ही वह आधार है, जिससे समाज का सशक्त और उज्ज्वल भविष्य तैयार होता है। यदि हमें अपने क्षेत्र और समाज को आगे बढ़ाना है, तो शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उनका लाभ समाज तक पहुंचे, इसके लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। खासकर बेटियों की शिक्षा पर बल देते हुए उन्होंने कहा, “बेटियों को उड़ान देने का जो अभियान शुरू हुआ है, वह समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर बेटी को शिक्षा का समान अवसर मिले।”
विद्यालय में मौजूद समस्याओं को लेकर विधायक ने स्पष्ट कहा कि अब विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने प्रधानाध्यापक को विकास कार्यों के लिए “फ्री हैंड” देने की बात कही, ताकि योजनाओं को तेजी से लागू किया जा सके।
विद्यालय की चहारदीवारी, जर्जर भवन और आने-जाने वाली सड़क की समस्याओं पर उन्होंने आश्वासन दिया कि इनका शीघ्र समाधान कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो विधायक कोष से भी सहयोग दिया जाएगा, ताकि विद्यालय का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान विद्यालय के एचएम कुंदन कुमार सुमन ने प्रबंधकारिणी समिति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय के विकास में समिति का योगदान अहम होता है। वहीं पूर्व प्रधानाध्यापक सकलदेव कुमार ने गांव में विद्यालय की स्थापना के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले बच्चों को घरों में पढ़ाया जाता था, लेकिन आज विद्यालय के रूप में एक मजबूत आधार तैयार हुआ है, जिसे और बेहतर बनाने की आवश्यकता है।
मुखिया अमरजीत कुमार ने विद्यालय में एडमिशन के लिए जाति प्रमाण पत्र की अनिवार्यता को लेकर आ रही समस्याओं को उठाया। इस पर सहमति बनाते हुए एचएम ने पंचायत स्तर पर सत्यापन के आधार पर नामांकन की सुविधा देने की बात स्वीकार की।
विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में जाकर प्रबंधकारिणी समिति की बैठक कर रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझकर उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हर विद्यालय एक आदर्श शिक्षण केंद्र बने, जहां बच्चों को बेहतर शिक्षा और संसाधन उपलब्ध हो।”
बैठक में काशिमपुर पंचायत के मुखिया अमरजीत कुमार, एचएम कुंदन कुमार सुमन, ग्रामीण कमल किशोर पटेल, अंगद कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। अंत में विधायक ने सभी को भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

रिपोर्टर - रेशु रंजन

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.