खगड़िया नगर परिषद में एक साल से विकास पर ब्रेक, सभापति अर्चना कुमारी ने EO पर लगाए गंभीर आरोप
खगड़िया - नगर परिषद खगड़िया में विकास कार्यों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सभापति का कहना है कि पिछले एक साल से नगर परिषद में विकास कार्य ठप पड़ा है। नगर परिषद के खाते में पैसा होने के बावजूद सड़क, नाला, सफाई, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसे काम नहीं हो रहे हैं।
सभापति ने लगाए 5 बड़े आरोप:
1. GeM खरीद में गड़बड़ी - GeM पोर्टल से खरीद मामले में नगर विकास विभाग ने भी स्पष्टीकरण मांगा है। सभापति ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
2. कार्यालय कर्मी ही बना संवेदक - विभागीय कार्यों के नाम पर कार्यालय के कर्मी को ही ठेकेदार बना दिया गया है।
3. सभापति को फाइल नहीं दिखाते - महत्वपूर्ण संचिकाएं देखने तक नहीं दी जा रही हैं। सभापति को आशंका है कि फाइलों में पिछली तारीख से छेड़छाड़ की जा रही है।
4. पत्र लेने से इनकार, गेट पर चिपकाना पड़ा पत्र - सभापति ने आरोप लगाया कि उनका पत्र कार्यालय कर्मियों ने लेने से मना कर दिया, मजबूरन उन्हें पत्र EO के गेट पर चिपकाना पड़ा।
5. कर्मचारियों को धरना पर बैठाकर काम बाधित किया - सभापति का आरोप है कि सवाल पूछने पर कुछ कर्मचारियों को धरना पर बैठाकर पूरे शहर का काम बाधित कर दिया गया, जबकि 2 जूनियर इंजीनियर, सिटी मैनेजर, टाउन प्लानर, स्वच्छता प्रभारी सहित कई कर्मियों ने धरना में शामिल होने से इनकार कर दिया।
सभापति अर्चना कुमारी ने कहा - "नगर परिषद का कार्यालय जनता के लिए है, इसे व्यक्तिगत अहंकार की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा।" उन्होंने मुख्यमंत्री और नगर विकास विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की है।
संवाददाता :- रेशु रंजन

No Previous Comments found.