जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा बैठक आयोजित

खगड़िया :   जिलाधिकारी  विक्रम विरकर की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने एवं बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करते हुए पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।

तटबंधों एवं नावों की व्यवस्था पर विशेष निगरानी

बैठक में एलडीएल मार्किंग की स्थिति की समीक्षा की गई। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निःशुल्क नावों की पर्याप्त व्यवस्था, उनके सुरक्षित संचालन तथा आवश्यकतानुसार लाइफ बॉय एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नावों के परिचालन के दौरान उनकी चौकीदारी एवं सुरक्षा के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। नावों की उपलब्धता एवं संचालन पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।
कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-1 एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-2 को अपने-अपने क्षेत्र में तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी तथा आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

तट निरीक्षकों को निरंतर निगरानी के निर्देश

जिलाधिकारी ने तट निरीक्षकों को प्रतिदिन एवं निरंतर क्षेत्र भ्रमण कर तटबंधों की स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की क्षति अथवा समस्या की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
 सामुदायिक रसोई एवं सूखा राशन की रहे पर्याप्त व्यवस्था

संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई के संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूर्ण रखने का निर्देश दिया गया। सामुदायिक रसोई में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सूखा राशन (Dry Ration) की पर्याप्त उपलब्धता एवं उचित पैकेजिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोगी हो तथा आवश्यकतानुसार पौष्टिक खाद्य सामग्री  की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, इसके लिए स्थानीय स्तर पर पर्याप्त खाद्यान्न एवं राहत सामग्री उपलब्ध रहे।
गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा प्राथमिकता

जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों एवं अन्य संवेदनशील व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों एवं राहत शिविरों में पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साथ ही पशुपालकों एवं मवेशियों के लिए पर्याप्त पशु चारा एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया।

स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत एवं यातायात व्यवस्था रहे सुदृढ़

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पेयजल एवं विद्युत की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सुगम यातायात एवं आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया।

सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ पूर्व तैयारियों की लगातार समीक्षा करने एवं आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

24 घंटे सतर्क निगरानी एवं बेहतर समन्वय पर जोर

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को संभावित बाढ़ की स्थिति पर 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने तथा जलस्तर, तटबंधों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ **जनप्रतिनिधियों से भी बेहतर समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों तक राहत एवं बचाव कार्य शीघ्र पहुंचाया जा सके।

बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), अंचल अधिकारियों (CO), अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO), भूमि सुधार उप समाहर्ताओं (DCLR), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) एवं सभी थानाध्यक्षों** को अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आमजनों के साथ सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को समन्वित, तत्पर एवं संवेदनशील तरीके से कार्य करते हुए किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया।

रिपोर्टर : उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.