नगर पालिका खैरागढ़ में 1.31 करोड़ की खरीदी पर उठे सवाल, कलेक्टर से जांच की मांग
खैरागढ़ : नगर पालिका खैरागढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के तहत लगभग 1 करोड़ 31 लाख रुपये की खरीदी को लेकर जांच की मांग उठी है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि मनराजखन देवांगन एवं पार्षद दीपक देवांगन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के अंतर्गत हैंड टिपर, ई-रिक्शा, मिनी टिपर तथा हाइड्रोलिक ट्रॉली सफाई स्प्लिट मशीन सहित अन्य सामग्री की खरीदी जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से की गई, लेकिन खरीदी में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि कई उपकरण खरीद के कुछ ही समय बाद खराब होने लगे, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि मशीनों का भुगतान तकनीकी परीक्षण एवं संतोषजनक निरीक्षण से पहले किए जाने की आशंका है। शिकायतकर्ताओं ने खरीदी प्रक्रिया, तकनीकी परीक्षण, गुणवत्ता मानकों तथा भुगतान संबंधी दस्तावेजों की विस्तृत जांच कराने और जांच पूरी होने तक भुगतान प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन 8 जुलाई 2026 को कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। अब इस मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
रिपोर्टर : रवि रजक
No Previous Comments found.