वन परिक्षेत्र गंडई में वन विभाग की बड़ी सफलता: संरक्षित गोह सहित वन्यजीवों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
खैरागढ़ : वनमण्डलाधिकारी, खैरागढ़ के मार्गदर्शन तथा उपवनमण्डलाधिकारी, गंडई के निर्देशन में वन परिक्षेत्र गंडई द्वारा वन्यजीव संरक्षण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत वन विभाग ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। 8 जुलाई 2026 को की गई सघन कार्रवाई में पल्सर मोटरसाइकिल से वन्यजीवों का अवैध परिवहन कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में संरक्षित एक जीवित इंडियन मॉनिटर लिजर्ड (गोह), एक जीवित वाटर हेन तथा एक जीवित तीतर बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त अवैध शिकार में प्रयुक्त जाल, फंदा, चाकू एवं मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध अधिनियम की धारा 9, 39, 48-क, 49 एवं 51(1) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। 9 जुलाई 2026 को उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से दोनों आरोपियों को 22 जुलाई 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री संजीत मरकाम के नेतृत्व में वनपाल श्री सदाराम जांघेल एवं श्री विकास हिरणवार, वनरक्षक श्री अरशद कुरैशी, श्री धर्मेंद्र साहू, श्री हेम सिंह ठाकुर, श्री प्रेम सागर सिदार, श्री अजय रात्रे, श्री अनिल कुमार गेंदले तथा सुरक्षा श्रमिकों के सक्रिय सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीवों का शिकार, परिवहन अथवा व्यापार गंभीर एवं दण्डनीय अपराध है। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम वन कार्यालय को देकर वन्यजीवों के संरक्षण में सहभागी बनें।।
रिपोर्टर : रवि रजक
No Previous Comments found.