11 विद्यार्थियों ने किया जल जांच प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण

खूंटी : जन भागीदारी अभियान के तहत जिला जल एवं स्वच्छता समिति, खूंटी की जिला जल जांच प्रयोगशाला में एस.एस. प्लस टू हाई स्कूल के 11 विद्यार्थियों द्वारा शैक्षणिक भ्रमण किया गया। 2 से 15 अक्टूबर तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत आयोजित भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को जल की गुणवत्ता, जल जांच की वैज्ञानिक प्रक्रिया एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व से अवगत कराना था।

भ्रमण के दौरान प्रयोगशाला के केमिस्ट एवं जिला समन्वयक (IEC एवं SLWM) ने विद्यार्थियों को जल का नमूना लेने से लेकर उसकी जांच करने तक की पूरी प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रयोगशाला में जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पीएच मान, मैलापन, कठोरता, क्षारीयता, क्लोराइड, अमोनिया, फॉस्फेट, क्लोरीन, आयरन, नाइट्रेट एवं फ्लोराइड सहित विभिन्न मानकों की जांच की जाती है।

इस अवसर पर जिला समन्वयक (IEC) ने कहा कि विद्यार्थियों को जल की गुणवत्ता एवं उसकी वैज्ञानिक जांच प्रक्रिया से अवगत कराना जन भागीदारी अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को प्रतिदिन लगभग 55 लीटर पानी की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के महत्व तथा जल की गुणवत्ता के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर भी जानकारी दी।

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के विज्ञान शिक्षक, सहायक अभियंता, लैब इंचार्ज, जिला समन्वयक (IEC एवं SLWM) तथा प्रयोगशाला के केमिस्ट उपस्थित रहे।

रिपोर्टर  : शहीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.