खूंटी में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ

खूंटी : स्वास्थ्य विभाग, खूंटी के तत्वावधान में सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन सभागार में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दीप प्रज्वलित कर जिले में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. एल.आर. पाठक ने की।

कार्यक्रम में युवाओं में बढ़ते तनाव, चिंता, अवसाद, नशे की लत, आत्महत्या की प्रवृत्ति एवं मोबाइल की लत जैसी समस्याओं के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। अपने संबोधन में सिविल सर्जन डॉ. एल.आर. पाठक ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जिंदगी और डिजिटल युग में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने आईईसी गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने सरकार की निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवा टेली-मानस की जानकारी देते हुए बताया कि टोल-फ्री नंबर 14416 पर कॉल कर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
ㅤ
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रिचर्डसन सोय ने मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन के विभिन्न तकनीकी एवं महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की। वहीं, डीआरसीएचओ डॉ. शोभा किस्पोट्टा ने युवाओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके व्यवहार में होने वाले बदलावों को समझने की आवश्यकता पर बल दिया।
ㅤ
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. रजनी नीलम टोप्पो, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला सलाहकार रोहित जॉन तिग्गा, डीपीसी डॉ. उदयन शर्मा, डीपीएम कानन बाला तिर्की, डीडीएम श्वेता सिंह, डीएएम विकास सिंह एवं सामाजिक कार्यकर्ता पूनम एक्का सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर  : शहीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.