छाता गांव में 13वां सरना झंडा गाड़ी सह स्थापना दिवस श्रद्धा और एकजुटता के साथ संपन्न
कर्रा (खूंटी)- कर्रा प्रखंड अंतर्गत छाता पंचायत के छाता गांव में 13वां सरना झंडा गाड़ी सह स्थापना दिवस बड़े ही श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धर्म गुरुओं द्वारा विधिवत पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और प्रकृति आराधना के साथ हुई। सरना स्थल पर समाज की सुख-शांति, उन्नति और एकता की कामना की गई।
इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “झंडा गाड़ी कार्यक्रम केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह हमारी गहरी आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। सामूहिक पूजा हमारे समाज की एकजुटता और भाईचारे को दर्शाती है।”
ग्रामीणों ने सरना स्थल पर मूलभूत सुविधाओं की कमी, विशेषकर पेयजल की समस्या, की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि पानी की व्यवस्था शीघ्र कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सरना स्थल में घेराबंदी (फेंसिंग), धूमकुड़िया निर्माण तथा पौधारोपण जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी जल्द की जाएगी, ताकि यह स्थल और अधिक व्यवस्थित एवं संरक्षित हो सके।
विधायक जी ने यह भी कहा कि माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार आदिवासी संस्कृति, परंपरा और धरोहर के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा समाज की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय सदस्य ऊषा धान, जिला सचिव सुशील पाहन, शेख़ फिरोज,वीरेंद्र सिंह, सुखराम सरूकद सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक आशीर्वाद और समाज की उन्नति की कामना के साथ हुआ, जहां लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संवाददाता - शहीद अंसारी खूंटी

No Previous Comments found.