पूर्व IAS जटाशंकर चौधरी ने बढ़ाया वंचित बच्चों का उत्साह, नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय में समर कैंप शुरू
खूंटी : स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय में सोमवार से तीन दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। 19 मई से 21 मई तक आयोजित होने वाले इस समर कैंप में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए तीरंदाजी, खेलकूद, कला, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय में मुख्य रूप से अनाथ, एकल अभिभावक एवं नक्सल प्रभावित परिवारों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पैरालिंपिक कमिटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष , पूर्व IAS जटाशंकर चौधरी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पैरालिंपिक कमिटी ऑफ झारखंड के पूर्व अध्यक्ष Vinay Kumar Dutta शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत बच्चों एवं विद्यालय परिवार द्वारा पारंपरिक तरीके से किया गया।
इस अवसर पर बच्चों ने अपने हाथों से बनाई गई पारंपरिक सोहराय पेंटिंग अतिथियों को भेंट की। अतिथियों ने बच्चों की कला प्रतिभा और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बच्चों में सीखने और आगे बढ़ने का अद्भुत जज़्बा दिखाई देता है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय में चल रहे तीरंदाजी प्रशिक्षण का अवलोकन किया तथा स्वयं भी टारगेट पर तीर चलाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके Jhongo Pahan की उपलब्धियों पर विशेष हर्ष व्यक्त किया गया। अतिथियों ने कहा कि झोंगो पाहन जैसे बच्चे पूरे राज्य के लिए प्रेरणा हैं।
अपने संबोधन में जटाशंकर चौधरी ने कहा कि “इन बच्चों के भीतर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल सही मार्गदर्शन, अवसर और सहयोग की है। यहां आकर महसूस हुआ कि यह विद्यालय बच्चों के सपनों को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।” उन्होंने विद्यालय और बच्चों के लिए हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
वहीं विनय कुमार दत्ता ने कहा कि समाज के वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने में इस प्रकार के आवासीय विद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्डन प्रतिमा देवी, वरिष्ठ शिक्षक अब्राहम टूटी, सहायक शिक्षिका अर्चना महतो, नेहा कुमारी, रवि राम, श्वेता कुमारी, मुस्कान कुमारी तथा तीरंदाजी प्रशिक्षक आशीष कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी

No Previous Comments found.