उपायुक्त ने विद्यालय, अस्पताल और पंचायत सचिवालय का किया निरीक्षण
खूँटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने खूँटी प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारंगहादा एवं पंचायत सचिवालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं पंचायत स्तर पर सुचारू जनसेवा सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण क्रम में उपायुक्त सबसे पहले कालामाटी स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था, विद्यालय कक्ष, प्रधानाध्यापक कक्ष, लिपिक कक्ष, किचन एवं मेनू अनुसार भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय में कार्यरत कुक की संख्या एवं बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। साथ ही छात्राओं, विशेषकर कक्षा 12वीं की छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई, विभिन्न विषयों एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, बच्चों एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए बच्चों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके उपरांत उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मारंगहादा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला वार्ड, पुरुष ओपीडी, मलेरिया वार्ड, फाइलेरिया क्लिनिक, आयुष ओपीडी, लैब, शल्य कक्ष, दवा स्टॉक एवं उपलब्ध मशीनों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों एवं मशीनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने आयुष आरोग्य मंदिर के बेहतर संचालन, मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग एवं अस्पताल में होने वाली सर्जरी की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों, नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को रोस्टर के अनुसार उपस्थित रहने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ममता वाहन एवं 108 एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
इसके बाद उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय, मारंगहादा का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत सचिवालय के बेहतर संचालन, मुखिया कक्ष की व्यवस्था, ज्ञान केंद्र में इंटरनेट सुविधा एवं आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पंचायत भवन में संचालित प्रज्ञा केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आधार कार्ड एवं विभिन्न प्रमाण पत्र निर्माण कार्यों की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मियों को ससमय आवेदन जेनरेट करने एवं सभी कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही स्वास्थ्य सहियाओं से भी मुलाकात की और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : शहीद अंसारी


No Previous Comments found.