नामांकन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित, दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
खूंटी - समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में 24 जून तक चलाए जा रहे दिव्यांग बच्चों के नामांकन हेतु विशेष अभियान के संबंध में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले का कोई भी योग्य दिव्यांग बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा उनका हर हाल में विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर अथवा अन्य माध्यमों से ऐसे दिव्यांग बच्चों की पहचान करें जो अब तक विद्यालय से जुड़े नहीं हैं तथा उनका शीघ्र नामांकन सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने दिव्यांग बच्चों के लिए बनाए जाने वाले यूआईडी कार्ड की प्रगति की भी समीक्षा की। इस संबंध में सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि यूआईडी कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाया जाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का यूआईडी कार्ड बनवाने हेतु सदर अस्पताल में संपर्क करें। साथ ही सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अन्य स्थानों पर भी यूआईडी कार्ड निर्माण की व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा की गई। बैठक में दिव्यांग बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले व्हीलचेयर सहित अन्य सरकारी सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र बच्चों को समय पर सभी प्रकार के सरकारी लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यालयों में दिव्यांग अनुकूल आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर बल देते हुए शौचालयों में रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि दिव्यांग बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने कहा कि निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रत्येक दिव्यांग बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में विद्यालयों में नामांकित दिव्यांग बच्चों की संख्या राष्ट्रीय औसत की तुलना में कम है, इसलिए इस विशेष नामांकन अभियान के माध्यम से विद्यालय से बाहर रह गए सभी दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही समाज में दिव्यांगता के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं अभिभावकों को बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित करने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.