अरकी प्रखंड में जीपीएफटी का दो दिवसीय जीपीडीपी प्रशिक्षण संपन्न
खूंटी - अरकी प्रखंड सभागार में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण हेतु ग्राम पंचायत फैसिलिटेशन टीम (GPFT) का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अरकी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) श्री गुलज़ार अंजुम द्वारा किया गया था। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) ग्राम पंचायतों के समग्र, सहभागी एवं सतत विकास का आधार है। उन्होंने ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी, स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित योजना निर्माण, विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण (Convergence), उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा योजनाओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। साथ ही प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं जनभागीदारी आधारित जीपीडीपी तैयार करने का आह्वान किया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक मोहम्मद तौफीक, प्रखंड समन्वयक अरकी, मुखिया मास्टर ट्रेनर एवं मास्टर ट्रेनर द्वारा जीपीडीपी की योजना निर्माण प्रक्रिया, ग्राम सभा की भूमिका, विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण (Convergence), स्थानीय सतत विकास लक्ष्य (LSDGs), ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर योजना निर्माण एवं अपलोड की प्रक्रिया सहित विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण में प्रखंड के पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, ग्राम पंचायत फैसिलिटेशन टीम (GPFT) के सदस्यों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनभागीदारी के आधार पर प्रभावी, समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने हेतु सक्षम बनाना था, जिसे प्रशिक्षण के माध्यम से सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी
No Previous Comments found.