बाल हितैषी विधिक सेवाओं को लेकर छात्राओं को किया जागरूक, मेधावी विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार

खूंटी - झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के मार्गदर्शन में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी द्वारा "नालसा–बालकों के लिए बाल-हितैषी विधिक सेवाएं योजना, 2024" विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पी.एम. श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मुरहू में किया गया, जिसमें लगभग 108 छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के सचिव कमलेश बेहरा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी एम.डी. अल्ताफ, मुख्य विधिक सहायता बचाव परामर्शी राजीव कमल तथा विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या उपस्थित रहीं।
किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों की दी जानकारी कार्यक्रम के दौरान किशोर न्याय (बालकों की देख-रेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। छात्राओं को बताया गया कि विधि से संघर्षरत बालकों तथा देख-रेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को विधिक सहायता उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकार का दायित्व है। इसके साथ ही निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि अधिनियम के तहत 6 से 14 वर्ष की आयु के सभी बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्राप्त है।

'प्रोजेक्ट शिक्षा' और पॉक्सो अधिनियम पर भी हुई चर्चा कार्यक्रम में नालसा की "प्रोजेक्ट शिक्षा" योजना पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा ऐसे निर्धन एवं वंचित परिवारों की पहचान की जाएगी, जिनके बच्चे शिक्षा से वंचित हैं। वहीं, पॉक्सो अधिनियम से संबंधित मामलों में पीड़ित प्रतिकर योजना के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी गई। इसके अलावा दिव्यांगजनों के अधिकारों तथा समाज कल्याण विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।

प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी द्वारा "90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान 2026" के तहत जून 2026 में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित रील मेकिंग, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रील मेकिंग प्रतियोगिता में बिरसा कॉलेज, खूंटी की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्राएं कुमारी पल्लवी एवं कुमारी मुस्कान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में पी.एम. श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रनिया की कक्षा 11 की छात्रा कुमारी करिश्मा प्रथम रहीं। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में इसी विद्यालय की कक्षा 9 की छात्रा कुमारी लक्ष्मी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार तीनों प्रतियोगिताओं में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया

 रिपोर्टर - शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.