खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा 2 किमी पैदल चलकर पहुंचे दुर्गम गांव बोकाड़ाहेसा

खूँटी :  खूंटी विधानसभा क्षेत्र के सुदूर और दुर्गम गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को करीब से समझने का सिलसिला जारी रखते हुए खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा प्रखंड क्षेत्र के बोकाड़ाहेसा गांव पहुंचे। गांव तक पहुंचने के लिए विधायक करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चलकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे और सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

विधायक के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ढोल-मांदर और नगाड़े के साथ पारंपरिक तरीके से विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और गांव की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने बताया कि बोकाड़ाहेसा गांव आज भी पहुंच पथ की आस में है। सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में काफी परेशानी होती है। विशेषकर किसी मरीज को अस्पताल ले जाने की स्थिति में करीब दो किलोमीटर तक मरीज को पैदल या सहारे से ले जाना पड़ता है। इसके बाद ही वाहन की सुविधा मिल पाती है। सड़क के अभाव में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी कार्यों के लिए गांव से बाहर आने-जाने में भी ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इस दौरान गांव के 103 वर्षीय बुजुर्ग मंगरा मुंडा ने अपनी पीड़ा विधायक के समक्ष साझा करते हुए बताया कि सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण वह पिछले करीब 15 वर्षों से गांव से बाहर नहीं जा पाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि गांव तक सुगम सड़क होती तो वह जरूर गांव से बाहर जाते।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि गांव की समस्याओं को संबंधित विभाग के समक्ष रखा जाएगा। अपने स्तर से भी पहल करते हुए क्रमवार तरीके से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

दुर्गम और पहुंच से दूर गांव तक स्वयं करीब दो किलोमीटर पैदल पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं को जमीन पर जाकर समझने के विधायक के प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना की।

इस मौके पर महादेव हसा, मड़की मुंडा, विजय मुंडा, उमेश मुंडा, माहेश्वरी मुंडा, मंगरी देवी, सीमा मुंडा, सिंगराय मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.