करम-जितिया पर्व हमारी संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक : विधायक सुदीप गुड़िया
खूँटी - कर्रा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के अखाड़ों में पहुंचे तोरपा विधानसभा के माननीय विधायक, ग्रामीणों के साथ साझा की पर्व की खुशियां; जल-जंगल-जमीन की रक्षा और सामाजिक एकजुटता का किया आह्वान तोरपा विधानसभा क्षेत्र के कर्रा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के अखाड़ों में आयोजित करम-जितिया पर्व के अवसर पर तोरपा विधानसभा के माननीय विधायक श्री सुदीप गुड़िया शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ आत्मीयता से पर्व की खुशियां साझा कीं, उपहार भेंट किए तथा क्षेत्रवासियों को करम-जितिया पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि करम-जितिया केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, प्रकृति और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। हमारी धरती, जल, जंगल और जमीन हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। इनकी रक्षा करना केवल वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी-मूलवासी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता, भाईचारा और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति गहरा जुड़ाव है। समाज को मजबूत बनाने के लिए आपसी भेदभाव को दूर कर प्रेम, सद्भाव और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा।
विधायक ने कहा कि “हमारी संस्कृति तभी मजबूत होगी, जब हमारा समाज मजबूत होगा।” उन्होंने लोगों से अपनी परंपराओं और पर्व-त्योहारों को जीवंत बनाए रखने, एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर समाज और सुरक्षित प्रकृति के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम जल बचाने, जंगल बचाने और जमीन की रक्षा के साथ-साथ अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को भी संरक्षित करें। प्रकृति की रक्षा, संस्कृति का सम्मान और समाज में भाईचारा ही हमारे सामूहिक विकास की मजबूत आधारशिला है।
विधायक सुदीप गुड़िया ने क्षेत्रवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि “जल, जंगल, जमीन की रक्षा के साथ अपनी संस्कृति को बचाना और समाज को जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें, जहां एकता, सद्भाव और भाईचारा हमारी पहचान बने।” कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अखाड़ों में पारंपरिक उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। ग्रामीणों ने विधायक के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
मौके पर राहुल केशरी, विनोद उरांव, लछुआ लोहारा, मार्शल होरो, ग्राम अध्यक्ष बोधन गोप, शिवकुमार सिंह, ग्राम प्रधान बाजे पहान, दिलबर होरो, सुखेर मुंडा, विनीत मुंडा, शामू मुंडा, खैरा पहान, कार्तिक उरांव, गंदुर उरांव, लाला पाहन, बांका लकड़ा, सुनील धान, सुखाईयर उरांव, संजय यादव, खिलेष्वर गोप, सुखराम कंडुलना, मंगरा पाहन सहित विभिन्न अखाड़ों के ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - शहीद अंसारी

No Previous Comments found.