सरकारी उपक्रम समिति का खूंटी आगमन, विभागीय योजनाओं की समीक्षा

खूंटी - झारखंड विधानसभा की सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति का रविवार को खूंटी जिला आगमन हुआ। इस दौरान उपायुक्त मो. जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने पौधा भेंट कर समिति के सभापति निरल पुरती एवं अन्य सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद परिषदन,खूंटी के सभागार में समिति के सभापति निरल पुरती की अध्यक्षता में विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संबंधित विभागों एवं उपक्रमों के व्यापारिक एवं वाणिज्यिक दृष्टिकोण से किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के खनन क्षेत्रों, बालू घाटों एवं उनके संचालन से संबंधित जानकारी ली गई। कृषि एवं आत्मा विभाग की समीक्षा के क्रम में बीज वितरण तथा किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं लाभों का लाभ दिए जाने की जानकारी प्राप्त की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही 200 यूनिट निःशुल्क बिजली की व्यवस्था की जानकारी ली गई। साथ ही जिन गांवों एवं टोलों में अब तक विद्युतीकरण नहीं हुआ है, वहां विद्युतीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा समिति ने स्वास्थ्य, कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, परिवहन, पशुपालन, पर्यटन, उत्पाद, भवन समेत अन्य महत्वपूर्ण विभागों की संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.