शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति, मूलभूत सुविधाओं की बहाली एवं नामांकन सीटें बढ़ाने की उठाई मांग

खूंटी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) ने बिरसा कॉलेज, खूंटी में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर जिला संयोजक राजदीप गुप्ता के नेतृत्व में तथा प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी की उपस्थिति में बिरसा कॉलेज खूंटी पहुंचे रांची विश्वविद्यालय के विद्यार्थी कल्याण संकायाध्यक्ष (DSW) को  एबीवीपी खूंटी प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कॉलेज में शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों की कमी दूर करने सहित विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

परिषद् ने कॉलेज में पेयजल, स्वच्छ शौचालय, छात्राओं एवं छात्रों के लिए अलग-अलग कॉमन रूम, साइकिल स्टैंड, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, बेंच-डेस्क, पर्याप्त कक्षाओं तथा बिजली और ब्लैकबोर्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही कॉलेज की चहारदीवारी की मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और कक्षाओं की नियमित साफ-सफाई कराने पर जोर दिया गया।

ज्ञापन में बिरसा कॉलेज में पूर्व की तुलना में कम हुई नामांकन सीटों को विद्यार्थियों के हित में पुनः बढ़ाकर पूर्व के स्तर पर लाने की मांग भी की गई। परिषद् ने यह भी कहा कि कॉलेज से संबंधित सूचना के लिए दायर RTI आवेदनों का लंबे समय से जवाब नहीं मिलना गंभीर विषय है। पूर्व में भी कॉलेज की समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन विद्यार्थियों को अपेक्षित समाधान नहीं मिल पाया है।

प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा, “बिरसा कॉलेज खूंटी हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा संस्थान है। यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी और नामांकन सीटों का मुद्दा विद्यार्थियों की पढ़ाई को सीधे प्रभावित करता है। विद्यार्थी अपने अधिकारों और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को केवल आश्वासन देने के बजाय समय-सीमा तय कर समस्याओं का ठोस समाधान करना चाहिए। RTI के माध्यम से मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। विद्यार्थी हितों की अनदेखी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।”

जिला संयोजक राजदीप गुप्ता ने कहा, “बिरसा कॉलेज खूंटी के विद्यार्थी लंबे समय से शिक्षक, कर्मचारी, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है। परिषद् मांग करती है कि सभी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए विद्यार्थियों को जल्द राहत दी जाए। यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती है, तो ABVP चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। आवश्यकता पड़ने पर कॉलेज बंद कराने जैसा कदम भी उठाया जा सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।”

इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ता सुखराम हेम्ब्रोम, विक्रम नाग, अनीश महतो एवं चंदन सहित बिरसा कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।

परिषद् ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल, सुरक्षित परिसर और विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन से अपेक्षा है कि वह ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर ठोस कार्रवाई करे।

रिपोर्टर  : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.