पार्वती अस्पताल में इलाज में लापरवाही से मरीज की मौत का आरोप

खूंटी : खूंटी जिला मुख्यालय स्थित डीएवी स्कूल के समीप पार्वती अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों सुधीर कुमार,पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान खड़िया तिर्की के रूप में हुई है, जो फुदी पंचायत के छोटा सिल्दा गांव के निवासी थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने और इलाज के नाम पर पैसे जमा कराने के बावजूद मरीज को समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिली। वहीं, परिजनों ने जिला प्रशासन और थाना प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, खड़िया तिर्की को मामूली पेट दर्द की शिकायत के बाद खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उन्हें रेफर किए जाने के बाद परिजन खराब मौसम होने के कारण मरीज़ को खूंटी के पार्वती अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने एडवांस के तौर पर उनसे पैसे भी जमा करवाए गए.
इसके बाद डॉक्टरों ने मरीज के शरीर में खून की कमी होने की बात कही। परिजनों के अनुसार, वे उसी शाम रांची से खून लाने के लिए रवाना हुए और रात करीब चार बजे ब्लड लेकर अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि मरीज को आईसीयू में भर्ती करने के बाद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की समुचित निगरानी नहीं दिखी। एक नर्स इंजेक्शन दे रही थी, लेकिन मरीज की स्थिति को लेकर परिजनों को संतोषजनक जानकारी नहीं मिल रही थी।
परिजनों का यह भी कहना है कि मौत से पहले खड़िया तिर्की बार-बार अस्पताल से घर ले जाने की बात कह रहे थे। वे कह रहे थे कि उन्हें कुछ नहीं हुआ है और अस्पताल में उनका सही इलाज नहीं हो रहा है। इसके बावजूद परिजनों के आरोप के अनुसार, अस्पताल में उनकी स्थिति पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।
मामले को लेकर जब परिजनों ने फोन के माध्यम से डॉक्टर से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की, तो उनका कहना है कि डॉक्टर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। परिजनों का आरोप है कि उन्हें चार से पांच घंटे तक इंतजार कराया गया, लेकिन अस्पताल की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

मृतक के बड़े भाई राम कुमार ने कहा कि समय पर ब्लड नहीं चढ़ाया गया और ICU में डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिस कारण उनके छोटे भाई की जान चली गई। राम कुमार ने बताया कि छोटे भाई को तेज दर्द और गैस्ट्रिक की शिकायत थी। पहले उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे इस अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद एडमिट करने को कहा और ब्लड की व्यवस्था करने को कहा।

परिजन रात में रिम्स से ब्लड लेकर आए। उन्होंने बताया कि करीब 3 बजे ब्लड दिया गया। नर्स ने कहा कि ब्लड गर्म करके चढ़ाया जाएगा। डॉक्टरों का कहना था कि ब्लड गर्म होने में दो घंटे लगते हैं, यानी 5 बजे तक ब्लड चढ़ जाना चाहिए था।

सुबह करीब 6 बजे परिजनों को फोन आया कि इलाज सही से नहीं हो रहा है, जल्दी आओ। फोन पर कहा गया कि ICU में कोई डॉक्टर नहीं है। राम कुमार जब अस्पताल पहुंचे और ICU में गए, तो भाई की मौत हो चुकी थी।परिजनों ने कहा कि ICU में मरीज को अटेंड करना चाहिए था। 

विश्वकर्मा उरांव ने कहा कि इस 
मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है। मरीज की मौत के बाद परिवार में गहरा आक्रोश है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, इलाज से संबंधित रिकॉर्ड की जांच करने और यदि चिकित्सकीय लापरवाही सामने आती है तो संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पार्वती अस्पताल में मरीज को समय पर उचित इलाज और चिकित्सकीय निगरानी मिली थी? क्या इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई? इन सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्टर  : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.