चंदवारा में गायत्री परिवार का नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान
कोडरमा - चंदवारा समाज को कुरीतियों से मुक्त करने और एक स्वस्थ, संस्कारित वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से गायत्री परिवार, चंदवारा द्वारा एक भव्य नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान एवं जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व गायत्री परिवार के प्रखंड समन्वयक प्रकाश ठाकुर ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में चंदवारा पश्चिमी पंचायत के मुखिया संतोष कुमार कुशवाहा उपस्थित रहे।
नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक: मुखिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुखिया संतोष कुमार कुशवाहा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा: युवाओं को नशे के आत्मघाती रास्ते से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। एक नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए हर ग्रामीण को अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
नैतिक जागरण और सामाजिक सुधार के लिए संकल्पित है गायत्री परिवार
प्रखंड समन्वयक प्रकाश ठाकुर ने गायत्री परिवार के मूल सिद्धांतों को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से नैतिक जागरण, सामाजिक सुधार एवं नशामुक्ति के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से शराब, तंबाकू एवं अन्य सभी प्रकार के मादक पदार्थों का तुरंत त्याग कर एक स्वस्थ जीवन अपनाने की भावुक अपील की। वहीं, युवा समन्वयक कैलाश पंडित ने युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि नशा देश की युवाशक्ति को घुन की तरह खोखला कर रहा है और उनके भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
मातृशक्ति ने संभाली कमान, गांव-गांव गूंजे नारे
जागरूकता रैली के दौरान गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने गांव-गांव का भ्रमण किया। रैली में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लिए समाज को जागरूक कर रहे थे। पूरे क्षेत्र में इन नारों की गूंज रही:
"नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो"
"स्वस्थ युवा, सशक्त भारत"
"नशामुक्त समाज, खुशहाल परिवार"
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस व्यापक जनजागरण अभियान को सफल बनाने में कंचन देवी, केसरी देवी, विंदा देवी, पार्वती देवी, रेखा देवी, पूनम देवी, बिलसी देवी, शांति देवी, सुंदरी देवी, खुशबू कुमारी, कृष्णा यादव, ननकू पंडित, बीरेन्द्र साव एवं उमा देवी सहित भारी संख्या में गायत्री परिजन और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। गायत्री परिवार के इस सराहनीय और प्रेरणादायी प्रयास की स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है, साथ ही ग्रामीणों ने स्वतः स्फूर्त होकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : गौतम कुमार
No Previous Comments found.