अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 6 पिकअप वाहनों सहित 303 बोरा धान जब्त
वाड्रफनगर - छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बलरामपुर जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देश पर वाड्रफनगर अनुविभाग में प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 पिकअप वाहनों सहित कुल 303 बोरा धान जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर से 3 नवंबर के बीच वाड्रफनगर एसडीएम डॉ. टी.डी. मरकाम के नेतृत्व में तहसीलदार उदयराज राज एवं पुलिस टीम के सहयोग से यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की सीमा में अवैध रूप से धान लाकर परिवहन किए जाने की जानकारी सामने आई। जांच के दौरान संबंधित धान के परिवहन एवं स्वामित्व से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। प्रशासनिक टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 6 पिकअप वाहनों में लोड कुल 303 बोरा धान जब्त किया। जब्त किए गए वाहनों एवं धान को आवश्यक कार्रवाई के लिए रघुनाथनगर थाना एवं बलंगी पुलिस चौकी में रखा गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि शासन की धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित न हो।
रिपोर्टर : चन्द्रकांत साहू

No Previous Comments found.