खाकी का जनता से सीधा संवाद: सुकेत में एसपी ने सुनीं फरियादें, मौके पर ही किया शिकायतों का निस्तारण

कोटा - ग्रामीण सुकेत पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने और न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए कोटा ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी मिसाल पेश की है। शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुजीत शंकर खुद सुकेत थाने पहुँचे और 'विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम' के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया। एसपी के इस संवेदनशील और त्वरित एक्शन वाले अंदाज की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

ऑन-द-स्पॉट समाधान से मिली राहत:- रामगंजमंडी वृत्त के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 80 से 90 ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा एसपी के समक्ष रखी। जनसुनवाई के दौरान करीब 10-12 लिखित परिवाद प्राप्त हुए। एसपी सुजीत शंकर ने फाइलों में उलझने के बजाय परिवादियों को सामने बिठाकर उनकी बात सुनी और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत पहुँचाई। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कानूनी कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए।

जवानों संग भोजन कर बढ़ाया मनोबल:- जनसुनवाई के बाद एसपी ने सुकेत थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत, पुलिस बल में उत्साह भरने के लिए एसपी ने थाने पर मौजूद सभी जवानों के साथ बैठकर भोजन (बड़ा खाना) किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी तनावमुक्त होकर कार्य करें ताकि जनता को बेहतर सेवा मिल सके। "हमारा लक्ष्य है कि हर पीड़ित को बिना देरी के न्याय मिले। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुँच और अधिक सुलभ बनाने के लिए यह जनसुनवाई आयोजित की गई है।"

संवाददाता - सुरेश कुमार पटेरिया

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.